अनजान व्यक्ति से साझा न करें जानकारी
देवरिया में एनएसएस की छात्राओं को पुलिस कर्मियों ने दी जानकारी।
देवरिया: राष्ट्रीय सेवा योजना की तरफ से मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत छात्राओं को साइबर अपराध के बारे में आनलाइन जानकारी दी गई।
महिला थाने की सिपाही रोली सिंह व दीपा सिंह ने महिला हेल्पलाइन 1090 के अलावा 112, 181 व साइबर अपराध के बारे में बताया। दीपा सिंह ने कहा कि डायल 100 की जगह अब पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 हो गया है। घरेलू हिसा की शिकार महिलाएं 181 हेल्प लाइन नंबर पर काल कर सकती हैं। महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 1090 पर बात कर कर पुलिस की तत्काल सहायता लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई महिला रास्ते में अकेली है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है तब भी वह इन नंबरों पर संपर्क कर सुरक्षित जगह जा सकती है। इंटरनेट के माध्यम से होने वाले अपराध को साइबर अपराध की श्रेणी में रखा गया है। महिलाओं को सतर्क रहना पड़ेगा। किसी भी निजी जानकारी को अनजान व्यक्ति से शेयर न करें। जिला कार्यक्रम नोडल अधिकारी डा. तूलिका पांडेय ने आभार जताया। आनलाइन कार्यक्रम में वैभवी मणि, अनामिका जायसवाल, शालवी, निरुपमा, शिवानी मणि, दीपा, उमा, अनन्या तिवारी, प्रिया सिंह, शिवांगी, आभा, अपूर्वा आदि शामिल रहीं।