पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के शुरू होने से पूर्वांचल के विकास को मिलेगी गति
सांसद डा.रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि विपक्षी दलों के मुख्यमंत्रियों के लिए विकास उनके घर तक सीमित था। लेकिन आज भाजपा सरकार में पश्चिमी यूपी व पूर्वांचल का विकास समान रूप से किया जा रहा है।
देवरिया: सांसद डा.रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि विपक्षी दलों के मुख्यमंत्रियों के लिए विकास उनके घर तक सीमित था। लेकिन आज भाजपा सरकार में पश्चिमी यूपी व पूर्वांचल का विकास समान रूप से किया जा रहा है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के शुरू होने से समूचे पूर्वांचल के विकास को और गति मिलेगी।
वह मंगलवार को जिला पंचायत परिसर स्थित अपने आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों किए गए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण कार्यक्रम के सजीव प्रसारण अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पीएम के संबोधन को सुना और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। सांसद ने कहा कि यह यूपी में आधुनिक होती सुविधाओं का न केवल प्रतिबिब है, बल्कि दृढ़ इच्छा शक्ति का एक्सप्रेस-वे है। यूपी में संकल्पों की सिद्धि का जीता जागता प्रमाण है। यूपी की शान है। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके काम नहीं, कारनामे बोलते थे। उनकी सरकार के विकास का केंद्र अपराध, लूट, हत्या, भ्रष्टाचार था। उन्होंने कहा कि 340 किमी लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, आजमगढ़ व गाजीपुर को जोड़ेगा। इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बंधु उपेंद्र सिंह, मीडिया प्रभारी भाजपा अंबिकेश पांडेय, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष पवन कुमार मिश्रा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष प्रवीण प्रताप मल्ल, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष राधेश्याम शुक्ला, रोहित राय, रानू सिंह, रितेश शर्मा, नीरज बरनवाल आदि मौजूद रहे। पंचायत भवन गांव का पवित्र केंद्र
रामपुर कारखाना :सदर लोकसभा सांसद डा. रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि पंचायत भवन गांव का एक पवित्र केंद्र है। जहां पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े निर्णय लिए जाते हैं। जो गांव के हित में होते हैं। सांसद त्रिपाठी मंगलवार को विकासखंड रामपुर कारखाना की ग्राम पंचायत बैकुंठपुर में 10.70 लाख की लागत से बनाए गए नवनिर्मित पंचायत भवन के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कहा कि विकास की कड़ी में भाजपा की नीति और नियत दोनों साफ है। सरकार का मतलब है समाज के अंतिम व्यक्ति को लाभ पहुंचाना। इसलिए प्रदेश की योगी एवं केंद्र की मोदी सरकार आम जनमानस की जन आकांक्षाओं पर खरा उतरने के प्रयास के साथ जनहित में कार्य कर रही है। संचालन अजीत कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम में प्रवीण प्रताप मल्ल, रोहित राय, राधेश्याम शुक्ला, ग्राम प्रधान सीमा चौहान आदि मौजूद रहे।