एएसपी ने सपा जिलाध्यक्ष को कार्यालय से निकाला बाहर
देवरिया में बिना मास्क लगाए एक मामले में गए थे पैरवी करने।
देवरिया: कोरोना संक्रमण के लेकर सुरक्षा मानक का ध्यान न देने वालों के साथ पुलिस सख्ती से पेश आ रही है। मंगलवार को दोपहर सपा जिलाध्यक्ष डा.दिलीप यादव को मास्क न लगाने पर एएसपी ने कार्यालय से बाहर कर दिया।
भटनी थाना क्षेत्र के ग्राम डुमरी निवासी एक विवाहिता की हत्या के मामले में न्याय दिलाने के लिए सपा जिलाध्यक्ष अपर पुलिस अधीक्षक शिष्यपाल के पास पहुंचे, उनके साथ महिला के पिता, मां व बरहज नपा के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्त भी थे। मृतका की मां मास्क नहीं लगाई थी। जिसके चलते महिला को एएसपी ने कार्यालय से बाहर निकाल दिया। कुछ देर बाद सपा जिलाध्यक्ष पर भी एएसपी की नजर पड़ी, वह भी बिना मास्क के थे। एएसपी ने उन्हें भी अपने कक्ष से बाहर निकाल दिया और कहा कि मास्क लगाकर आइए। इसके बाद सपा जिलाध्यक्ष बाहर निकले और कुछ देर बाद मास्क लगाकर आए। एएसपी शिष्यपाल ने कहा कि बिना मास्क के मेरे कार्यालय व कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं है।