लोन दिलाने के नाम पर खाते से निकाला दो लाख रुपये
महिलाओं को झांसे में लेकर अपने एक सहयोगी के साथ कुछ बैंक कागज पर हस्ताक्षर करा लिया।
देवरिया: बरहज के नन्दना वार्ड पूर्वी निवासी एक युवक पर समूह की महिलाओं ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। लोन दिलाने के नाम पर झांसा देकर महिलाओं के खाते से दो लाख रुपये निकाल लिया है। शिकायत पर नगर पुलिस चौकी के पुलिस कर्मी आरोपी युवक को पकड़ कर ले जा रहे थे। इसी दौरान चकमा देकर वह फरार हो गया।
नगर के आजाद नगर दक्षिणी निवासी निवासी करमचंद जायसवाल, आलोक जायसवाल, नन्दना वार्ड पूर्वी निवासी जवाहर जायसवाल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उनके मोहल्ले का एक युवक समूह से ऋण दिलाने के नाम पर उनकी घर की महिलाओं को झांसे में लेकर अपने एक सहयोगी के साथ कुछ बैंक कागज पर हस्ताक्षर करा लिया। उसके बाद अपने मित्र द्वारा विदेश से महिलाओं के खाते में रुपये भेजे जाने की बात कहकर खाते से आहरित करा लिया है। तीनों के खाते से करीब दो लाख रुपए निकलवा लिया है। पीड़ितों की शिकायत दो कांस्टेबल आरोपित युवक को गुरुवार की रात पकड़ कर पूछताछ के लिए थाने लेकर जा रहे थे। इसी दौरान युवक पुलिस को चकमा देकर भाग गया। इंस्पेक्टर जयंत कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। रुपये उन्हीं के खाते से निकाला गया है। जांचकर कार्रवाई की जाएगी। आरोपित युवक थाने पर नहीं आया था। लखनऊ में इलाज के दौरान बंदी की मौत
देवरिया: जिला जेल में सजा भुगत रहा बंदी सिगासन (उम्र 91 वर्ष) की शुक्रवार को केजीएमयू लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह सदर कोतवाली के बरियारपुर के बंगरहा टोला का रहने वाला था। उसकी तबीयत दो जनवरी को अचानक खराब होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर किया गया। तीन जनवरी को मेडिकल कालेज के चिकित्सक ने उसे केजीएमयू लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। सिद्धदोष बंदी सिगासन गैर इरादतन हत्या के मामले में तीन मार्च 2020 को विशेष पैरौल पर जेल से रिहा किया गया था। 30 नवंबर 2020 को विशेष पैरौल से जेल में वापस आ गया और सजा भुगत रहा था।
दीवानी गेट से पुलिस ने एक को उठाया
देवरिया: दीवानी गेट के समीप से स्टैंड बनाकर वाहन चालकों से रुपये वसूलने की शिकायत पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने एक को गिरफ्तार कर लिया। यहां अन्य दो युवक पुलिस को आता देख फरार हो गए। यहां अवैध ढंग से हर रोज स्टैंड बनाकर रुपये वसूलने का खेल चल रहा था।
मार्ग दुर्घटना में दो घायल देवरिया : मैरवा-सलेमपुर मार्ग पर सोहनपुर बाजार में बाइक सवार ने दो लोगों को ठोकर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बाजार निवासी रितेश कुशवाहा पुत्र मोहनलाल भगत व प्रिस जायसवाल पुत्र उपेंद्र जायसवाल बाजार से कुछ खरीदने गए थे। सामान खरीद कर घर वापस आ रहे थे कि बाइक सवार युवक ने ठोकर मार दिया। प्राथमिक उपचार निजी अस्पताल में होने के बाद बिहार प्रदेश के जिला सिवान के लिए रेफर कर दिया गया। जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। मंदिर का ताला तोड़ चोरी
देवरिया : लार थाना क्षेत्र के हरखौली दुर्गा मंदिर का ताला तोड़ चोरों ने गुरुवार की रात प्रतिमा में लगी नथिया और मंगटीका चुरा लिया। बगल के शिव मंदिर में रखा बर्तन भी उठा ले गए। ग्रमीणों को इसकी जानकारी तब हुई जब शुक्रवार सुबह लोग पूजा पाठ करने मंदिर पहुंचे। मंदिर पर रात में कोई नहीं रहता है। इसका फायदा चोरों ने उठाया।