देवदूत बना युवक, बच्चियों की बचाई जान
भागलपुर कस्बे में रविवार की सुबह गैस सिलेंडर फटने से आग लग गई। जमाल अहमद नामक युवक ने साहस दिखाते हुए आग में घिरी बच्चियों को बाहर निकालकर जान बचाई। कस्बे के लोग युवक के इस कार्य की तारीफ कर रहे हैं।
देवरिया: भागलपुर कस्बे में रविवार की सुबह गैस सिलेंडर फटने से आग लग गई। जमाल अहमद नामक युवक ने साहस दिखाते हुए आग में घिरी बच्चियों को बाहर निकालकर जान बचाई। कस्बे के लोग युवक के इस कार्य की तारीफ कर रहे हैं।
कस्बा के रहने वाले जितेंद्र शर्मा परिवार के साथ टीनशेड डालकर रहते हैं। उनकी पत्नी मायके गई थीं। सुबह जितेंद्र अपने सैलून की दुकान पर चले गए। घर पर सात व पांच वर्ष की दो बेटियां मौजूद थीं। दोनों बच्चियां गैस चूल्हा जलाकर कढ़ाई में तेल डालकर पूड़ी छान रही थीं। तभी तेल में आग पकड़ लिया। बच्चियों ने तेल में पानी डाल दिया। जिसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गैस के पाइप में आग पकड़ लिया। आग में घिरी बच्चियां चीखने-चिल्लाने लगीं। इसी दौरान खेत में कार्य कर लौट रहे जमाल अहमद ने बच्चों का शोर सुना तो वह घर में घुसकर बच्चियों को बाहर निकाला। कुछ देर बाद तेज आवाज के साथ गैस सिलेंडर फट गया। घर पूरी तरह जल गया। विस्फोट के चलते ईंट पर रखा सिलेंडर जमीन में करीब तीन फीट अंदर चला गया। ऊपर का हिस्सा दिखाई नहीं दे रहा था। लोगों का कहना था कि यदि जमाल समय से पहुंचकर बच्चियों को घर से बाहर नहीं निकालते तो बड़ी दुर्घटना घट सकती थी। खबर सुन जितेंद्र की पत्नी मायके से आ गई। घर तबाह देखकर वह बेटियों को पकड़कर दहाड़ मार कर रो रही थी। थानाध्यक्ष प्रमोद सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिली थी।