देवी मंदिरों में स्कंदमाता की हुई पूजा
देवरिया के प्रमुख मंदिरों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़।
देवरिया: नवरात्र के पांचवें दिन देवी मंदिरों में मां दुर्गा के स्कंदमाता रूप की पूजा की गई। घरों में अनुष्ठान पूरा करने में श्रद्धालु लगे हुए हैं। नौ दिन तक व्रत रख मां दुर्गा सप्तशती का पाठ व दुर्गा बीज मंत्र का जप किया जा रहा है। मां दुर्गा की पूजा अर्चना और आराधना से समूचा माहौल भक्तिमय हो गया है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
रामगुलाम टोला, गायत्रीपुरम व नई बाजार स्थित बतासा गली में रखी गई मां दुर्गा की प्रतिमा का दर्शन करने लोग पहुंच रहे हैं। इनके अलावा देवरिया खास में साक्षात स्वर्ग देव दर्शन में लोग देवरूप में सजे देवी देवताओं की पूजा करने पहुंच रहे हैं। उधर शहर के देवरही मंदिर में मां दुर्गा की पूजा के लिए भोर से ही लाइन लगाई जा रही है। राघव नगर स्थित दुर्गा मंदिर, गरुलपार स्थित काली मंदिर, कतरारी स्थित अमेठी माई मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ पूजन अर्चन करने सुबह शाम पहुंच रही है। अहिल्यापुर देवी मंदिर में दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं और मां दुर्गा विविध प्रकार से पूजा कर रहे हैं। पुजारी सिद्धेश्वर शुक्ल ने बताया कि कोरोना को देखते हुए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जो लोग मास्क नहीं लगा रहे हैं उन्हें मंदिर में प्रवेश से रोका जा रहा है।