मजबूत की जाएगी जेल की दीवार
जेल की सुरक्षा मजबूत करने के लिए चारों तरफ की चहारदीवारी मजबूत की जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर 973 मीटर नई चहारदीवारी बनाई जाएगी। इसके निर्माण पर 89 लाख खर्च होना है। यूपीपीसीएल को निर्माण कार्य की जिम्मेदारी मिली है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर दीवार को मजबूत कर ऊंचा किया जाएगा
देवरिया : जेल की सुरक्षा मजबूत करने के लिए चारों तरफ की चहारदीवारी मजबूत की जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर 973 मीटर नई चहारदीवारी बनाई जाएगी। इसके निर्माण पर 89 लाख खर्च होना है। यूपीपीसीएल को निर्माण कार्य की जिम्मेदारी मिली है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर दीवार को मजबूत कर ऊंचा किया जाएगा। जेल की जमीन से अवैध कब्जा हटाने के लिए जेल अधीक्षक ने सीमांकन के लिए डीएम को पत्र लिखा है।
जिला कारागार की सुरक्षा में खड़ी की गई चहारदीवारी पूरब तरफ टूट गई है। मुख्य गेट को छोड़कर कर कोई भी संदिग्ध जेल परिसर में आसानी से दाखिल हो सकता है। जेल परिसर में कार्य के दौरान बंदियों के भागने की आशंका बनी रहती है। जेल परिसर में पशुओं का जमावड़ा भी लगा रहता है। जेल अधीक्षक डीके पांडेय ने सुरक्षा मजबूत करने के लिए शासन को पत्र लिखा था। कुछ दिन पहले चहारदीवारी निर्माण की स्वीकृति मिल गई। जेल के पीछे दानोपुर रोड की तरफ से 973 मीटर नई दीवार बनाई जाएगी। करीब 89 लाख अवमुक्त कर दिया गया है। इसी माह में कार्य शुरू होने की संभावना है। कुछ दिन पहले जेल में सख्ती से नाराज एक बंदी ने बंदीरक्षक के हत्या की योजना बनाई थी। उसके शूटर भी जेल परिसर में दाखिल हो गए थे। चहारदीवारी तैयार होने के बाद सिर्फ मुख्य गेट का इस्तेमाल किया जाएगा। गेट पर सीसीटीवी कैमरा भी लगेगा। जेल अधीक्षक श्री पांडेय ने कहा कि चहारदीवारी निर्माण के लिए धन अवमुक्त हो गया है। सीमांकन के लिए डीएम से अनुरोध किया गया है। नए निर्माण से जेल की सुरक्षा मजबूत होगी।