मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
चीनी मिल चलाओ संघर्ष समिति का कलेक्ट्रेट में चल रहा धरना 96 वें दिन मंगलवार को भी जारी रहा। उधर प्रशासनिक स्तर पर आंदोलन समाप्त करने के लिए किसानों पर दबाव भी बनने लगा है। जिस पर किसानों ने किसी भी दशा में आंदोलन समाप्त न करने की बात कही है।
देवरिया: चीनी मिल चलाओ संघर्ष समिति का कलेक्ट्रेट में चल रहा धरना 96 वें दिन मंगलवार को भी जारी रहा। उधर प्रशासनिक स्तर पर आंदोलन समाप्त करने के लिए किसानों पर दबाव भी बनने लगा है। जिस पर किसानों ने किसी भी दशा में आंदोलन समाप्त न करने की बात कही है।
समिति के अध्यक्ष ब्रजेंद्र मणि त्रिपाठी दिन भर भूख हड़ताल पर रहे। उन्होंने कहा कि हमारा आंदोलन सात दिसंबर से चल रहा है। आदर्श चुनाव आचार संहिता का हवाला देकर प्रशासन द्वारा दबाव बनाया जा रहा है, जबकि हमारा आंदोलन शांतिपूर्ण चल रहा है। ऐसी परिस्थिति में आचार संहिता का उल्लंघन समझ से परे है। यहां तो प्रशासन को सहानुभूति पूर्वक धरना स्थल पर आंदोलनकारियों से वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास करना चाहिए। यदि प्रशासन द्वारा दमनकारी कदम उठाया गया तो आंदोलन उग्र होगा। धरना स्थल पर सभा को बकरीदन अली, रामप्रकाश सिंह, पंडित वेद प्रकाश, जगदीश यादव, विजय जुआठा, विजय शंकर मिश्र, चन्नर चौहान, अवधेश मणि, दरोगा यादव आदि ने संबोधित किया।