पति पर नशीला इंजेक्शन देकर कुकृत्य का आरोप
देवरिया के अधिकारियों से कुशीनगर की महिला ने की शिकायत।
देवरिया: कुशीनगर जनपद के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला पति के गलत आदतों से परेशान होकर अपने मायके में रह रही है। पहले थाने पर शिकायत की, लेकिन सुनवाई न होने पर मंगलवार को पीड़िता ने जिलाधिकारी व एसपी के यहां शिकायत की। अधिकारियों ने महिला को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।
महिला का मायका बरहज क्षेत्र में है। महिला का कहना है कि उसकी शादी वर्ष 2012 में हुई। जब से ससुराल गई, तभी से पति उसके साथ कुकृत्य करता है। विरोध करने पर नशीला इंजेक्शन लगा देता है। दो बार गर्भवती हुई तो गर्भपात करा दिया। तीसरी बार मायके में आ गई और बच्चे को जन्म दी। बच्चा अब पांच साल का हो गया है। आरोप लगाया कि पति ने हत्या की नियत से कई बार गला भी दबाया। महिला ने कहा कि वह नेबुआ नौरंगिया व बरहज थाने में कई बार वह तहरीर दे चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
बच्चे से नहीं दिया जा रहा है मिलने
बरहज थाना क्षेत्र के भैदहा निवासी सुनीता देवी का कहना है कि उनकी 2007 में शादी हुई। पति ने मौखिक रूप से तलाक दे दिया है। बेटे को अपने पास रख लिया है। कई बार बेटे से मिलने गई, लेकिन हर बार ससुराली मुझे मारपीट कर भगा देते हैं। थाने पर शिकायत की, लेकिन पुलिस संज्ञान नहीं ले रही है।