सरयू लाल निशान के पार, तटबंधों पर दबाव
देवरिया में 67.25 मीटर पर प्रवाहित हो रही है सरयू नदी।
देवरिया: सरयू, गोर्रा व राप्ती नदियों के जलस्तर में वृद्धि जारी है। सरयू नदी खतरे के निशान से 75 सेंटीमीटर ऊपर प्रवाहित रही है। गोर्रा खतरे के निशान से 50 सेंमी दूर है। पिछले 24 घंटे के दौरान इन नदियों के जलस्तर में तीस से चालीस सेंमी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नदियों के जल स्तर में वृद्धि से तटवर्ती गांवों के लोगों की बेचैनी बढ़ गई है।
सोमवार की शाम गेज स्थल भेड़ी के समीप राप्ती 69.50 मीटर और गोर्रा 70.05 मीटर पर प्रवाहित हो रही थी। दोनों नदियों का गेज स्थलों के समीप खतरे का निशान 70.50 मीटर है। जलस्तर बढ़ने से सिलहटा, पिड़रा-भुसउल, करनपुरा तिघरा-मराक्षी,भगवान मांझा समेत अन्य तटबंधों पर दवाब बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र के अखंड प्रताप सिंह, जय सिंह, हेमन्त उपाध्याय, सूर्यनाथ सिंह, हरिश्चंद्र सिंह, झन्ने राव आदि ने कहा कि अब दोआबा पर लगातार खतरा बढ़ता जा रहा है। एसडीएम संजीव उपाध्याय ने कहा कि बाढ़ बचाव के सभी निरोधात्मक उपाय किए जा रहे हैं।