विजय रथयात्रा में उमड़ रही भीड़ प्रदेश में बदलाव का संकेत: डा. राजपाल
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में चल रही विजय रथ यात्रा में प्रदेश की जनता पूरे उत्साह व उमंग के साथ शामिल हो रही है।
देवरिया: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में चल रही विजय रथ यात्रा में प्रदेश की जनता पूरे उत्साह व उमंग के साथ शामिल हो रही है। यह प्रदेश में बदलाव का संकेत है। देवरिया के चौपाल कार्यक्रम और सम्मेलन में बड़ी संख्या में दलित, पिछड़े और सभी वर्ग के लोग जिस उत्साह, जनून के साथ शामिल हुए उसे देख कर ऐसा लग रहा है कि प्रदेश में परिवर्तन की बयार बह रही है।
यह बातें मंगलवार को सपा जिलाध्यक्ष डा. दिलीप यादव के आवास पर पत्रकार वार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी के पिछड़ा वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डा. राजपाल कश्यप ने कहीं। कहा पूरे प्रदेश में नफरत और अराजकता का माहौल पैदा कर दिया गया है। पिछड़े व दलितों को मिले संवैधानिकता आरक्षण और उनके हक को मारने में भाजपा लगी हुई है। जातीय जनगणना नहीं करा रही है। सपा हमेशा जातीय जनगणना कराने की मांग करती रही है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा है कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी तो सबसे पहले जातीय जनगणना कराने का काम होगा। हमारे कश्यप, निषाद, बिद, मल्लाह समाज के लोगों को आरक्षण देने का जो वादा किया था वह जुमला रहा साबित हुआ। सपा कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक मंगलवार को कैंप कार्यालय पर हुई। कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और मांगों का पत्रक एसडीएम बरहज को सौंपा। बरहज- करुअना मार्ग के निर्माण में हो रही अनियमितता व भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग की। सपा नेता विजय रावत ने कहा कि भाजपा सरकार किसान व मजदूर विरोधी है। सड़कें जर्जर व चलने लायक नहीं है। सड़कों के निर्माण में अनियमितता बरती जा रही है। बरहज-करूअना मार्ग के निर्माण में अनियमितता बरती गई है। घटिया सामग्री का प्रयोग हो रहा है। समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष रणवीर यादव ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने चार वर्ष के शासन काल में सिर्फ पूर्ववर्ती सपा सरकार की योजनाओं का फीता काटने का कार्य किया है। इस दौरान मुख्य रूप से पंकज चौरसिया, मनोज यादव, विकास यादव, अंकित यादव, विवेक यादव आदि मौजूद रहे।