नोटिस से नाराज समूह की महिलाओं का थाने पर प्रदर्शन
समूह की महिलाओं के मना करने के बाद मंजूर हो गया ऋण
देवरिया: बिना लोन लिए समूह की महिलाओं के घर बैंक की नोटिस पहुंचने पर आक्रोशित महिलाओं ने रविवार को थाने पहुंच करके प्रदर्शन किया और तहरीर देकर दोषियों के विरुद्ध कारवाई करने की मांग की। थानाध्यक्ष के आश्वासन पर महिलाओं का गुस्सा शांत हुआ।
महिलाओं का कहना है कि एक व्यक्ति द्वारा सिसवा गांव में आदर्श महिला स्वयं सहायता समूह एवं बेलही में पार्वती स्वयं सहायता समूह का गठन कराया गया। समूह के सदस्यों को आवश्यकता अनुसार ऋण उपलब्ध कराना, सदस्यों से वसूली कर बैंक में जमा कराना आदि कार्य उसी व्यक्ति द्वारा किया जाता था। 5 जनवरी वर्ष 2016 में हम लोगों को महुआ पाटन स्थित पूर्वांचल बैंक ले गए कुछ फॉर्म अंगूठा लगवाया और बोले कि आप लोगों का 50 हजार का ऋण मंजूर हो गया है। तब हम लोगों ने कहा कि हमें लोन नहीं लेना है। मेरा पैसा जमा करा दीजिए। कितु उसने हमे धोखे में रखा।
प्रदर्शन करने वालों में परसन देवी, किशोरी देवी, सरस्वती देवी, इन्नरपति देवी, फूलन देवी, इंदु देवी, पार्वती देवी, भगवानी देवी, किशोरी देवी आदि महिलाएं शामिल रही ।
इस संबंध में थानाध्यक्ष नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।