शारीरिक दूरी को लेकर सजग हैं कर्मचारी
देवरिया के सरकारी कार्यालयों में कर्मचारी सैनिटाइजर मॉस्क का इस्तेमाल कर रहे हैं।
देवरिया : कोरोना जैसी वैश्विक महामारी को लेकर सरकारी कार्यालयों में फिजिकल डिस्टेंसिग पर ध्यान दिया जा रहा है। कर्मचारी एक-दूसरे से दूरी बना कर अपनी-अपनी सीट पर कार्य कर रहे हैं। हालांकि कार्यालयों में फरियादियों के आने का सिलसिला कम है। कर्मचारी मास्क लगाकर विभागीय कार्यों को निस्तारित करते देखे गए। बुधवार को जागरण टीम ने विभिन्न दफ्तरों की पड़ताल की। हालांकि बाजार में फिजिकल डिस्टेंसिग का पालन नहीं हो रहा है।
विकास भवन स्थित डीडीओ कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारी सुनील कुमार श्रीवास्तव, सतीश कुमार तथा योगेंद्र यादव अपने पटल पर काम कर रहे थे। यहां सैनिटाइजर रखा गया था। लोग खुद को सैनिटाइज करने के बाद ही दफ्तर में प्रवेश कर रहे हैं। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग कार्यालय में लिपिक व अन्य कर्मचारी मास्क लगाकर फिजिकल दूरी का पालन करते हुए काम करते देखे गए। डीआरडीए कार्यालय में भी शारीरिक दूरी का पालन किया जा रहा था। डीडी कृषि कार्यालय में कर्मचारी आलम के अलावा अन्य कर्मचारी मुंह पर मास्क लगाए मिले। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कर्मचारी अपने-अपने टेबल पर बैठकर काम निपटाते रहे। फरियादियों की संख्या कम रही। डीएम संयुक्त कार्यालय में दिखी फिजिकल डिस्टेंसिग
जिलाधिकारी के संयुक्त कार्यालय में कर्मचारी अपनी सीट पर काम निपटाते मिले। शस्त्र लिपिक जितेंद्र श्रीवास्तव, दिनेश मणि त्रिपाठी अपनी सीट पर मास्क लगाकर कार्य करते दिखे। वेतन लिपिक सरोज श्रीवास्तव, प्रशासनिक अधिकारी पारस नाथ यादव, एलबीसी नर्वदेश्वर श्रीवास्तव भी मास्क लगाकर कार्य करते मिले। बाहरी लोगों को सैनिटाइजर का प्रयोग करने के बाद ही प्रवेश मिल रहा था।