बिना मास्क पकड़े गए 502 लोगों से 51500 रुपये जुर्माना वसूला
देवरिया में 502 लोग बिना मास्क के पकड़े गए।
जागरण संवाददाता, देवरिया: कोरोना संक्रमण को देखते हुए सभी को मास्क लगाना अनिवार्य है। बावजूद इसके लोग मास्क का प्रयोग नहीं कर रहे हैं। बुधवार को पुलिस ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। जिसमें 502 लोग बिना मास्क के पकड़े गए। इन लोगों से 51 हजार पांच सौ रुपये जुर्माना वसूल किया गया। इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है।
जिले में बिना मास्क के चल रहे लोगों के खिलाफ अभियान चला। जिसमें सदर कोतवाली पुलिस ने 62, रामपुर कारखाना में 43, तरकुलवा में 32, बघौचघाट में 20, रुद्रपुर में 35, गौरीबाजार 40, मदनपुर 12, एकौना पांच, सलेमपुर में सात, लार में 20, खुखुंदू में 18, भाटपाररानी में 46, भटनी में 44, खामपार में आठ, बनकटा में 64, बरहज में 20, मईल में चार, भलुअनी में 12, महिला थाना पुलिस ने 20 लोगों को बिना मास्क के पकड़ लिया। इनसे जुर्माना के रूप में 51,500 रुपये की वसूली की गई। इसके साथ ही वाहनों की भी जांच की गई। 368 वाहन चालक बिना कागजात व हेलमेट के पकड़े गए। उनसे पुलिस ने 5 लाख 19 हजार रुपये समन शुल्क की वसूली की। एसपी डा.श्रीपति मिश्र ने कहा कि बिना मास्क के चलने वालों पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।