कालेजों में नाम के प्रयोगशाला, लटक रहे ताले
जनपद में अधिकतर विद्यालयों में प्रयोगशाला की हालत दयनीय है।
देवरिया: यूपी बोर्ड की तरफ से संचालित जनपद के अधिकतर माध्यमिक विद्यालयों में प्रयोगशालाओं की दशा अत्यंत खराब है। कई महीनों से ताले तक नहीं खुले हैं। उपकरणों व सामग्री पर धूल की परतें जम गई हैं। विषयों की पढ़ाई तो हो रही है लेकिन व्यवहारिक ज्ञान महज दिखावा साबित हो रहा है।
जागरण संवाददाता ने श्रीकृष्ण इंटर कालेज आश्रम का जायजा लिया। जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान व रसायन विज्ञान का प्रयोगशाला का ताला नहीं खुला। उपकरण व अन्य सामग्री धूल फांक रहे हैं। यहां 12वीं विज्ञान वर्ग (जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान व रसायन विज्ञान) में 523 व 11वीं में 441 परीक्षार्थी हैं। पता चला कि जीव विज्ञान, भौतिक व रसायन विज्ञान के प्रयोगशाला में ताला लटक रहा है। छात्र-छात्राओं ने बताया कि प्रैक्टिकल नहीं हो रहा है। प्रयोगशाला सहायकों में भौतिक लैब सहायक शिव कुमार पांडेय, रसायन लैब सहायक राकेश कुमार यादव व जीव विज्ञान सहायक राधाकांत ओझा हैं, जिसमें शिवकुमार छुट्टी पर थे। प्रभारी प्रधानाचार्य व भौतिक विज्ञान के कक्षा 11 के प्रयोगात्मक शिक्षक एके शुक्ल ने बताया कि 15 दिनों से छात्रों को प्रयोग कराया जा रहा है। प्रबंधक केदारनाथ यादव ने बताया कि कार्यवाहक प्रधानाचार्य कौशल सिंह के पास भौतिक विज्ञान प्रयोगशाला कक्ष की चाबी है। वह दो माह से गायब हैं। उन्होंने जीव विज्ञान के प्रयोगशाला कक्ष को रसोई कक्ष बना दिया है। अब धीरे-धीरे व्यवस्था में सुधार हो रहा है।
-जनपद के सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्याें को प्रयोगशाला को व्यवस्थित रखने का निर्देश पूर्व में ही दिया गया है। यदि कहीं कोई कमी होगी तो उसे दूर कराया जाएगा।
-शिवचंद राम, जिला विद्यालय निरीक्षक