अध्यादेश से रुकेंगी लव जिहाद व धर्म परिवर्तन की घटनाएं
देवरिया में भाजपा महिला मोर्चा की बैठक में प्रदेश सरकार के अध्यादेश पर प्रसन्नता जताते हुए इसे महिलाओं की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।
देवरिया: भाजपा महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं की बैठक गरुलपार स्थित पार्टी कार्यालय पर हुई। कार्यकर्ताओं ने लव जिहाद व धर्म परिवर्तन की घटनाएं रोकने के लिए अध्यादेश को मंजूरी दिए जाने पर खुशी जताई। एक दूसरे को मिठाई खिलाई।
जिलाध्यक्ष भारती शर्मा ने कहा कि प्रदेश में धर्मांतरण के नाम पर महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार को रोकने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त कदम उठाया है। कैबिनेट ने धर्मपरिवर्तन प्रतिषेध अध्यादेश-2020 को मंजूरी दी है। इससे महिलाओं की सुरक्षा होगी। महिलाओं की सुरक्षा व सशक्तीकरण भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। लव जिहाद के खिलाफ इस अध्यादेश के आने से धर्म, नाम व अपनी पहचान छिपाकर शादी करने जैसी घटनाएं अब नहीं होगी। देश और प्रदेश में ऐसे कानून की जरूरत थी जिससे इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।
इस मौके पर पार्टी के मीडिया प्रमुख अंबिकेश पांडेय, जिला महामंत्री मिनती सिंह, रेनू देवी, मधु कुमारी, यशोदा देवी आदि की उपस्थिति रही। अध्यादेश पर कृषि मंत्री ने किया ट्वीट
कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने ट्वीट किया है कि लव जिहाद जैसे सांप्रदायिक कलंक व घिनौने कृत्य को रोकने के लिए योगी सरकार ने गैर कानूनी धर्मांतरण निरोधक बिल-2020 को मंजूरी दी है।
लव जिहाद निश्चित रूप से सभ्य समाज के लिए कलंक है। इससे समाज का ताना-बाना न सिर्फ टूटता है, बल्कि सामाजिक सद्भाव बिगड़ता है। राज्य मंत्री जयप्रकाश निषाद ने कहा कि प्रदेश की बहन-बेटियों के भविष्य की रक्षा व समाज में स्वच्छ व भयमुक्त वातावरण तैयार करने में अध्यादेश प्रभावशाली साबित होगा। सदर विधायक डा. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम बताया है।