राज्य अध्यापक पुरस्कार से नवाजे जाएंगे खुर्शीद आलम
देवरिया के शिक्षक ने शिक्षामित्र से सहायक अध्यापक तक का तय किया सफर।
देवरिया, जेएनएन: देसही देवरिया के पूर्व माध्यमिक विद्यालय सहवा के सहायक अध्यापक खुर्शीद आलम को राज्य अध्यापक पुरस्कार-2019 से नवाजा जाएगा। शासन की तरफ से बुधवार को सूबे के 73 अध्यापकों के नाम का अनुमोदन किया गया।
सोनाड़ी गांव निवासी खुर्शीद आलम ने बायो केमेस्ट्री से एमएससी की डिग्री हासिल की। इसके पूर्व वह 2006-2010 तक शिक्षामित्र के रूप में प्राथमिक विद्यालय में तैनात रहे। 2010 में बीटीसी में चयन हो गया। 2013 से 2015 तक प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद कार्यरत रहे। इसके बाद विज्ञान/गणित सीधी भर्ती चयन के तहत 2015 में पूर्व माध्यमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक बन गए। खुर्शीद आलम ने राज्य स्तर पर कई पुरस्कार व सम्मान प्राप्त किया। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की तरफ से 2017-2018 व 2018-2019 का आदर्श पाठ-योजना पुरस्कार व कहानी सुनाओ प्रतियोगिता में उन्हें पुरस्कार प्रदान किया गया। 2018-19 में कला, क्राफ्ट पपेट्री पुरस्कार मिला। 2019 में विशिष्ट प्रतिभा सम्मान, उत्कृष्ट विद्यालय पुरस्कार, बेसिक शिक्षा परिषद उप्र सम्मान दिया गया। 2016-17 में मंडल स्तर पर प्रशस्ति पत्र मिला।
सहायक अध्यापक खुर्शीद आलम का कहना है कि एक शिक्षक अपने प्रयासों से न केवल छात्रों के जीवन को नई दिशा देता है बल्कि समाज व देश के लिए आदर्श नागरिक तैयार करता है। देश सेवा में अपनी भूमिका का निर्वहन करता है। ईश्वर की कृपा है कि मुझे शिक्षक बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।