फोटो : गाजे-बाजे के साथ निकली कलशयात्रा, लगे जयकारे
14 अक्टूबर से शुरू होने वाले स्वामी रामभद्राचार्य के श्रीमदभागवत कथा के लिए रविवार को भव्य कलशयात्रा निकाली गई जिसमें बड़ी तादाद में बच्चे युवा महिलाएं पुरुष व बुजुर्ग शामिल हुए।
देवरिया: 14 अक्टूबर से शुरू होने वाले स्वामी रामभद्राचार्य के श्रीमदभागवत कथा के लिए रविवार को भव्य कलशयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी तादाद में बच्चे, युवा, महिलाएं, पुरुष व बुजुर्ग शामिल हुए। इस दौरान लोग देवी-देवताओं के जयकारे लगा रहे थे। नगर में लोगों ने पुष्पवर्षा की। करीब पांच किमी दूरी तय कर श्रद्धालुओं ने छोटी गंडक नदी के जलपा माई मंदिर घाट पर कलश में जल भरा। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कलश यात्रा के पूर्व कृष्णाकांत मिश्र, जिला आबकारी अधिकारी संत कबीरनगर श्रीप्रकाश सिंह कुशवाहा, आचार्य पं. धनंजय पांडेय, अजीत सिंह ने पूजन किया। यात्रा जिगिना मिश्र से शुरू होकर तेनुआ, नकहनी चौराहा, 115 नंबर रेलवे गेट, आदर्श चौराहा, हतवा, मेन रोड, गांधी चौक होते हुए जंगली जलपा माई मंदिर स्थित छोटी गंडक नदी के घाट पहुंचा, जहां से जल भर कर यज्ञ स्थल पर वापस पहुंचा। लोगों ने कलश में शामिल लोगों के लिए रास्ते में जल आदि का इंतजाम किया था। कलश यात्रा में सिद्धेश्वरनाथ मंदिर के महंत स्वामी मकसूदनाचार्य व दीर्घेश्वरनाथ मंदिर मझौलीराज के महंत जगरनाथ दास विशेष रूप से शामिल रहे। न्यास अध्यक्ष गौतम मिश्र, शिवाकांत मिश्र, कमलेश मिश्र, दीपू मिश्र, बीएन मिश्र, संजय मिश्र, अलख निरंजन मिश्र, केडी मिश्र, नगर पंचायत अध्यक्ष बलराम जायसवाल, सौरभ श्रीवास्तव की देखरेख में निकला। आचार्य विश्वेश दुबे, गोबर्धन तिवारी, पंडित अनिल मिश्र, अवधेश पांडेय, आचार्य हृषिकेश मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चार किया।