न्यायाधीशों ने बांटे मास्क व तिरंगा, दिया देशप्रेम का संदेश
देवरिया में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित हुआ कार्यक्रम।
देवरिया: स्वतंत्रता दिवस के उल्लास की शुरुआत गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में हुई। न्यायाधीशों ने दीवानी न्यायालय परिसर के अलावा जन सामान्य में पहुंच कर मास्क व तिरंगा वितरित कर देश प्रेम का संदेश दिया। लोगों को कोरोना से सावधान रहने के लिए सतर्क भी किया।
प्राधिकरण के सचिव शिवेंद्र मिश्र ने दीवानी न्यायालय में पहले अधिवक्ता व फिर वादकारियों के बीच तिरंगा का वितरण किया। इसके बाद वह ठेला-खोमचा व रिक्शा चालकों के बीच पहुंचे और उन्हें भी तिरंगा दिया। उन्होंने कहा कि यह कोरोना काल है, इसलिए सभी को शारीरिक दूरी का पालन करना चाहिए। कोई भी व्यक्ति बिना मास्क के अपने घर से न निकले। अगर कोई बिना मास्क के निकले तो उसे जरूर समझाएं। इसके बाद वह पैदल शिव मंदिर, बस स्टैंड व भटवलिया तक पैदल गए और लोगों को शारीरिक दूरी को लेकर जागरूक किया। इस दौरान सिविल जज नवनीत कुमार, रुपांशु आर्या, मनोज कुमार यादव, प्रियंबदा, सतीश त्रिपाठी, राजेश मणि मौजूद रहे।