मारपीट में घायल युवक की मौत, चार पर मुकदमा
देवरिया के भटनी उपनगर के वार्ड संख्या दो में हुई घटना तीन को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
देवरिया: उपनगर के वार्ड संख्या दो में बछड़ा बांधने को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक की पीजीआइ ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने चार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर तीन को हिरासत में लिया है।
मोहल्ले के बाबूराम यादव की गाय का बछड़ा शनिवार को सड़क पर बंधा था, उसी समय अशोक यादव (24) पुत्र ओमप्रकाश बछड़े के ऊपर से छलांग लगा दिए। इसी को लेकर शाम को मारपीट हो गई। जिसमें अशोक यादव, उनकी मां कमलावती देवी घायल हो गई। मेडिकल कालेज से अशोक को पीजीआइ लखनऊ रेफर कर दिया। रास्ते में अशोक की मौत हो गई। मृतक की बहन की तहरीर पर पिटू यादव पुत्र बाबूराम, प्रतिमा पुत्री श्रीराम यादव, नगीना देवी पत्नी बाबूराम यादव, सुमित्रा देवी पत्नी श्रीराम यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष सुनील तिवारी ने कहा कि तीन को हिरासत में लिया गया है।