पूंजीपतियों की मदद कर रही प्रदेश सरकार: नरेश उत्तम
देवरिया में सलेमपुर रोड के सोंदा स्थित मैरेज हाल में सपा की बैठक में एमएलसी चुनाव को लेकर सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकताओं को दिए मंत्र।
देवरिया: समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की निरंकुश सरकार है जनता के हितों की अनदेखी कर रही है। किसान, नौजवान, बेरोजगार, शिक्षक, विद्यार्थी किसी के भी हित में कोई कार्य नहीं कर रही है। इसका एक मात्र लक्ष्य देश के पूंजी पतियों की मदद करना और आम लोगों को गरीब बनाए रखना है।
वह मंगलवार को समाजवादी विचार के शिक्षकों और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक को सोंदा स्थित एक मैरेज हाल में संबोधित कर रहे थे। कहा कि विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी का बहुमत है, जन विरोधी कानून जब विधानसभा से पास होकर उच्च सदन में आता है तो उच्च सदन उसकी समीक्षा करता है। जन विरोधी कानूनों को पारित होने से रोकता है। कहा कि गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन से उम्मीदवार अवधेश कुमार यादव के पक्ष में कार्य करें।
पार्टी के जिलाध्यक्ष डा. दिलीप यादव ने स्वागत कर आभार व्यक्त किया। मोहन गुप्ता व अन्य कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को स्मृति चिन्ह पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया ।
इसके पूर्व देवरिया सीमा में खरोह पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। जिसमें पूर्व सांसद रमाशंकर विद्यार्थी, विधान परिषद सदस्य राम सुंदर दास निषाद, राम अवध यादव, पूर्व विधायक गजाला लारी, सुरेश यादव, मनबोध प्रसाद मौजूद रहे। संचालन मुराद अली बेग ने किया। दिवंगत कमला यादव के परिवार से मिलकर सांत्वना दी एवं श्रद्धांजलि अर्पित की। देवरिया कार्यक्रम के अंत में जिगिनी महुआडीह जाकर सर्वेश्वर पटेल के शोक संतप्त परिवार से भी मिलकर सांत्वना दिया । आंदोलन के लिए बनी रणनीति
देवरिया में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी व उप्र किसान सभा की संयुक्त बैठक हुई, जिसमें किसानों के मुद्दे को लेकर धरना-प्रदर्शन की रणनीति बनाई गई। जिलामंत्री आनंद प्रकाश चौरसिया ने कहा कि केंद्र सरकार की किसान व मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्तर पर ट्रेड यूनियन की तरफ से 26 नवंबर को विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें 250 किसान संगठन शामिल होंगे। इसके समर्थन में जिला मुख्यालय पर 26 व 27 नवंबर को सुबह 10 बजे से धरना-प्रदर्शन होगा। राष्ट्रपति को संबोधित डीएम को दिया जाएगा। बैठक में सदानंद चौरसिया, रामजी चौहान, चक्रपाणि तिवारी, अदालत अंसारी, श्यामदेव यादव आदि मौजूद रहे।