देवरिया में एक दिन में रोडवेज को हुई 26 लाख रुपये की आय
देवरिया डिपो में त्योहार समाप्त होने के बाद बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है शाम को बस का घंटों इंतजार करते हैं यात्री।
देवरिया: दीपावली व छठ पर्व बीतने के बाद अब लोग अपने गन्तव्य को जाने के लिए परेशान नजर आने लगे हैं। मंगलवार को तो भीड़ इस कदर हुई कि लोगों को बसें नहीं मिल रही थीं। इसके साथ ही रोडवेज की देवरिया डिपो के चालू वित्तीय वर्ष का रिकार्ड टूट गया। एक दिन में 26 लाख रुपये का राजस्व डिपो को मिला। उधर देर शाम बसों की संख्या कम हो गई और गोरखपुर समेत अन्य शहरों को जाने के लिए बसों का लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। देर शाम को तो लोगों को डग्गामार वाहनों का भी सहारा लेना पड़ा। डग्गामार वाहन निर्धारित किराया से डेढ़गुना तक वसूल किए। इसलिए सर्वाधिक हो रही है दिक्कत
कोरोना के चलते अधिकांश ट्रेनें बंद है, केवल कुछ चुनिदा ट्रेनें चलाई जा रही है। ट्रेनों के बंद होने से यात्रियों के सामने नई समस्या खड़ी हो गई है। दीपावली व छठ पर्व पर अधिकांश लोग अपने घर को आ गए हैं। ऐसे में लोग बसों से यात्रा कर रहे हैं। देवरिया डिपो के पास निगम की 56 बसें तो अनुबंधित 127 बसें है। त्योहार के सीजन में आठ से दस बस दिल्ली, एक दर्जन से अधिक कानपुर, पांच बसें लखनऊ, दो बसें इलाहाबाद तक चलाई जा रही है।
एआरएम ओम कुमार मिश्रा ने कहा कि हर संभव लोगों को बसें उपलब्ध कराई जा रही है। लंबी दूरी व लोकल में भी यात्री की संख्या अच्छी आ रही है। 26 लाख रुपये का राजस्व एक दिन में आया है। लोगों को बेहतर सेवा देने का प्रयास निगम द्वारा लगातार किया जा रहा है। लोगों को कुछ असुविधा भी हो रही है।