देवरिया में किसानों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो आंदोलन करेगी सपा
देवरिया में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर एएसडीएम को सौंपा ज्ञापन पराली जलाने के मामले में उत्पीड़न का लगाया आरोप।
देवरिया: बुधवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एएसडीएम लल्लन राम को सौंपा।
पार्टी के नेता विजय रावत ने कहा कि देवरिया में पराली जलाने को लेकर किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है, किसानों को फर्जी मुकदमों में फंसाकर उनसे जुर्माना वसूला जा रहा है, किसानों के ऊपर हो रहे उत्पीड़न व मुकदमों को यदि वापस नहीं किया गया तो सपा आंदोलन करने को बाध्य होगी। युवजन सभा के प्रदेश सचिव संगम यादव ने कहा कि प्रदेश में हर वर्ग परेशान है, किसानों को खाद व बीज समय से नहीं मिल रहा है, धान क्रय केंद्रों पर खरीद नहीं हो रही है। सयुस के जिलाध्यक्ष रणवीर यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार पूंजीपतियों के इशारे पर कार्य कर रही है। हरिओम यादव, रामप्रीत यादव, बृजानंद, इमामुद्दीन खान, इमरान खान, सूरज कुशवाहा, शिवनाथ यादव, शुभम वर्मा मौजूद रहे। भ्रष्टाचार के खिलाफ बुलंद की आवाज
देवरिया में आजाद हिद सेना वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय पर भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की। कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की। मुख्य चिकित्साधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
नगर संयोजक अभिषेक चौरसिया ने कहा कि सीएमओ कार्यालय में भ्रष्टाचार चरम पर है। इसकी जांच होनी चाहिए। अशोक मालवीय ने कहा कि एक अधिकारी लंबे समय से कार्यरत हैं। उनका तबादला दूसरे जनपद में किया जाना चाहिए। सामान की खरीद में अनियमितता की जा रही है। जिले में 60 पैथालाजी सेंटर व 89 अस्पताल पंजीकृत हैं, लेकिन इसके कई गुना अवैध पैथालाजी सेंटर व अस्पताल संचालित हो रहे हैं। अधिकतर सीएचसी व पीएचसी पर डाक्टर रात्रि विश्राम नहीं करते। कोरोना काल में खरीदे गए सामान की जांच की मांग की गई। मुकेश बैरागी, विवेक पांडेय, कृष्ण मोहन पांडेय, सत्यनारायण सिंह, दीपक मणि, गुरुशरण पांडेय, रमेश यादव, अखलाक अहमद, जुनैद आदि मौजूद रहे।