ससुरालियों ने महिला को बेरहमी से पीटा
देवरिया में एक महिला को गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। विवाहिता के भाई ने पुलिस को तहरीर दी है।
देवरिया: गौरीबाजार थाना क्षेत्र के गौरी बुजुर्ग गांव में एक महिला की पति ने बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला के भाई ने पति समेत ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी है।
परसिया निवासी मोतीलाल की बेटी प्रमिला की शादी गौरी बुजुर्ग निवासी संजय पुत्र कैलाश से छह साल पूर्व हुई थी। पीड़िता के भाई शैलेश यादव का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति व ससुराली उसे प्रताड़ित करते हैं। पति की कुछ गलत लत है, जिसका मेरी बहन विरोध करती है। रविवार की सुबह पति व परिवार के अन्य सदस्यों ने मिलकर प्रमिला की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर वह बहन की ससुराल पहुंचे तथा गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह गौर ने कहा कि तहरीर मिली है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।