बारिश के चलते गोरखपुर-छपरा रेल खंड पर धंसी पटरी
लगातार हो रही बारिश के चलते अब रेल पटरी भी धंसने लगी है। शुक्रवार की भोर में गोरखपुर-छपरा रेल खंड पर भाटपाररानी के बड़का गांव के सामने अंडरपास के समीप रेल पटरी धंस गई। पेट्रोलिग कर रहे रेलकर्मी की नजर पड़ने के बाद रेल संचलन ठप कर दिया गया। मौके पर पहुंचे रेलकर्मियों ने काफी प्रयास के बाद खराबी को दूर करते हुए सुबह सात बजे रेल संचलन बहाल कर दिया।
देवरिया : लगातार हो रही बारिश के चलते अब रेल पटरी भी धंसने लगी है। शुक्रवार की भोर में गोरखपुर-छपरा रेल खंड पर भाटपाररानी के बड़का गांव के सामने अंडरपास के समीप रेल पटरी धंस गई। पेट्रोलिग कर रहे रेलकर्मी की नजर पड़ने के बाद रेल संचलन ठप कर दिया गया। मौके पर पहुंचे रेलकर्मियों ने काफी प्रयास के बाद खराबी को दूर करते हुए सुबह सात बजे रेल संचलन बहाल कर दिया। रेल संचलन ठप होने के चलते रेल यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। अब रेल पटरी पर पेट्रोलिग तेज कर दी गई है।
इन दिनों बारिश तेज हो रही है। कई जगहों पर मकान गर गए तो कई जगहों पर सड़क काट कर पानी निकाला गया। शुक्रवार की भोर में रेल पटरी पर पेट्रोलिग कर रहे कर्मचारी को बड़का गांव के सामने हाल ही में बने अंडरपास के समीप रेल पटरी धंसी नजर आई। पटरी के नीचे से मिट्टी बह गई थी। यह देख रेल कर्मचारी ने इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर को दी। साथ ही रेल संचलन रुकवाया। इसके बाद पीडब्ल्यूआइ भटनी वहीउल्लाह के नेतृत्व में रेल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और लगभग दो घंटे के प्रयास के बाद रेल कर्मचारियों ने पटरी को ऊपर उठाने के साथ ही गिट्टी व मिट्टी भर दिया। लगभग सात बजे रेल खंड पर रेल संचलन बहाल हो सका। लगभग चार घंटे तक रेल संचलन प्रभावित रहा। पीडब्ल्यूआइ ने बताया कि खराबी दूर कर रेल संचलन बहाल कर दिया गया।
प्रभावित रहीं यह गाड़ियां
रेल पटरी के धंसने के चलते ग्वालियर से बरौनी जाने वाली बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस, दिल्ली से दरभंगा जाने वाली बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस, छपरा से मथुरा जाने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस, भटनी से छपरा जाने वाली तथा सिवान से गोरखपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन प्रभावित रही। स्टेशन मास्टर मुरलीधर गुप्ता ने बताया कि छपरा मथुरा, झांसी, पैसेंजर, बिहार संपर्क क्रांति ट्रेनें प्रभावित रहीं।