ट्रेनों में लंबी दूरी की सीट फुल, तत्काल का सहारा
देवरिया में दीपावली व छठ पर्व के बाद लौटने वालों के सामने आएगी दिक्कत।
देवरिया: दीपावली व छठ पर्व के पहले ही लंबी दूरी की ट्रेनों की सीट फुल हो गई है। ऐसे में लोगों के सामने तत्काल टिकट का ही सहारा है। हालांकि काउंटर से बमुश्किल तीन से चार टिकट एक दिन में तत्काल के बन पा रहे हैं। दीपावली व छठ पर्व बीतने के बाद लौटने वालों के सामने नई दिक्कत आएगी। लंबी दूरी को जाने के लिए या तो लोगों को बस की सेवा लेनी होगी या फिर टिकट दलालों के चंगुल में फंसना होगा।
कोरोना संक्रमण के चलते अधिकतर ट्रेनें बंद है, कुछ चुनिदा ट्रेनें ही चल रही है। दादर एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस, लिच्छवी एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस समेत लंबी दूरी की ट्रेनों में सीट फुल हो गई है। आरक्षण काउंटर से एक दिन में तीन से चार टिकट ही बन पा रहे हैं।
टिकट दलाल जिले में पहले से ही सक्रिय हैं, जानकारों का कहना है कि प्रतिबंधित साफ्टवेयर के जरिये लंबी दूरी का टिकट पहले से ही बना कर रख लिए हैं। दीपावली व छठ पर्व पर पूजा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने घर को आते हैं, त्योहार बीतने के बाद लोग लौटते हैं।
ऐसे दलालों को चिह्नित किया जा रहा है। साथ ही छापेमारी भी की जा रही है। जल्द ही टिकट दलालों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
संजय कुमार राय, सीआइबी प्रभारी, भटनी