देवरिया में सम्मानित हुए किसान, योगदान को सराहा
मुख्य अतिथि रामपुर कारखाना विधायक कमलेश शुक्ल ने कहा कि संघर्ष में शक्ति होती है। किसानों के संघर्ष की देन है कि यह परियोजना निरस्त हो गई और किसानों की जमीन बच गयी।
देवरिया: भटनी क्षेत्र के जिगिना मिश्र गांव में सोमवार को भूमि बचाओ किसान संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और किसानों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने हथुआ-भटनी रेल लाइन परियोजना के निरस्त होने को बड़ी उपलब्धि बताया और जिलाधिकारी के प्रयास की सराहना की।
मुख्य अतिथि रामपुर कारखाना विधायक कमलेश शुक्ल ने कहा कि संघर्ष में शक्ति होती है। किसानों के संघर्ष की देन है कि यह परियोजना निरस्त हो गई और किसानों की जमीन बच गयी। भाजपा सरकार किसानों के हित में कार्य कर रही है। किसान नेता शिवाजी राय ने कहा कि किसानों ने एकजुट होकर यह लड़ाई लड़ी। जिसका परिणाम किसानों के हक में रहा। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पौहारी शरण राय ने कहा कि यह परियोजना आम जनता व किसानों के हित में नहीं थी। संत विनोबा पीजी कालेज देवरिया के राजनीति विज्ञान विभाग के पूर्व अध्यक्ष डा. रामजी द्विवेदी ने आंदोलन कारी किसानों के योगदान को सराहा। डा. चतुरानन ओझा ने कहा कि किसान अपने हक की लड़ाई लड़े और संघर्ष के बल पर सफलता मिली। हथुआ भटनी रेल परियोजना निरस्त होना किसानों की सफलता का सूचक है।
इस मौके पर मुक्तिनाथ मिश्र ने कहा कि इस लड़ाई में किसानों ने अपनी आवाज बुलंद की। अधिवक्ता वासुदेव यादव ने कहा कि आन्दोलन ने बताया कि संघर्ष के बारहवें साल में सफलता का फल मिला है। विधायक ने समिति के अध्यक्ष त्रिगुणानंद मिश्र को सम्मानित किया। संचालन शिवाकांत मिश्र ने किया। इस मौके पर तारकेश्वरनाथ तिवारी, राजकुमार तिवारी, शिवबक्स मिश्र, विश्वदेव मिश्र, सोहन मिश्र, अलख निरंजन मिश्र, गौतम मिश्र,अजीत कुमार सिंह, महिपाल सिंह, अब्दुल्ला आदि मौजूद रहे।