नगर पालिका गौरा बरहज की सीमा का होगा विस्तार
देवरिया जनपद के बरहज की इस नगर पालिका के लिए अधिसूचना जारी हो गई है।
देवरिया: जिलाधिकारी की पहल रंग लाई और नगर पालिका परिषद की सीमा क्षेत्र के विस्तार की उम्मीदों को पंख लग गए हैं। पास के आठ गांवों को नगरपालिका सीमा में शामिल करने की अधिसूचना जारी हो गई है। शासन ने अधिसूचना प्रकाशन तिथि से पंद्रह दिनों के अंदर संबंधित लोगों से सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं। इस अवधि में प्राप्त सुझाव और आपत्तियों पर विचार किया जाएगा। ये गांव होंगे शामिल :
रगरगंज, भड्सरा, लवरछी, मोहांव, उजरा मोहांव, पचौहा, लहछुआ, गौरा बांगर को नगरपालिका परिषद गौरा बरहज में शामिल किया जाएगा। अब यह गांव नगरपालिका क्षेत्र का हिस्सा होंगे। आपत्तियों पर होगी सुनवाई :
नए शामिल होने वाले गांवों में शहर की सुविधा मिलेगी। 18 जून 2018 को शासन के निर्देश पर नगरपालिका ने प्रस्ताव भेजा था। यह प्रस्ताव अन्य नगपालिकाओं के सीमा विस्तार से साथ नहीं हो सका था। जिलाधिकारी ने नगर विकास विभाग को पत्र भेजा था। शासन ने औपचारिकता पूरी करने के बाद अधिसूचना जारी कर नगरीय क्षेत्र में सम्मलित किए जाने और संबंधित लोगों की सूचना के लिए आपत्तियां और सुझाव मांगे हैं। सुझाव और आपत्तियों को प्रमुख सचिव नगर विकास को भेजा जाएगा। गांवों को नगरीय क्षेत्र में शामिल करने के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। लोगों की आपत्ति और सुझाव मांगा गया है। नगर सीमा से सटे गांवों के शामिल होने से उनको बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उमाशंकर सिंह,
अध्यक्ष, नगर पालिका
गौरा बरहज गौरा बरहज एक एक नजर में
2011 की जनगणना के अनुसार जनसंख्या: 36459
नए जुड़े आठ गांवों की जनसंख्या: 11550
नगरपालिका का क्षेत्रफल: 426.712 हेक्टेयर
शामिल आठ गांवों का क्षेत्रफल: 365.638 हेक्टेयर
नगर पालिका की सालाना आय: करीब 15 करोड़ तैयार होगी नई सियासी जमीन
कपरवार: बरहज विकास खंड में 54 ग्राम पंचायतें हैं। आठ गांवों को नगरपालिका सीमा में शामिल होने के बाद इन गांवों में प्रधान का निर्वाचन नहीं होगा। इन गांवों को नगर का हिस्सा बनने से सियासी समीकरण भी बदल जाएगा। प्रधान चुनने वाले मतदाता नगरपालिका का सभासद व अध्यक्ष चुनेंगे। मतदाताओं का मूड सियासी जमीन तैयार करेगा।