80 फीसद से अधिक मतदान का होगा प्रयास: डीएम
जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने मंगलवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जनपदवासियों से वर्चुअल संवाद किया। उन्होंने विधानसभा चुनाव में 80 फीसद से अधिक मतदान किए जाने के लिए सामूहिक प्रयास पर बल दिया।
देवरिया: जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने मंगलवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जनपदवासियों से वर्चुअल संवाद किया। उन्होंने विधानसभा चुनाव में 80 फीसद से अधिक मतदान किए जाने के लिए सामूहिक प्रयास पर बल दिया। कहा कि पिछले चुनावों के आंकड़ों से स्पष्ट है कि जनपद में मतदान 60 फीसद का आंकड़ा नहीं छू पाया है। इसमें बड़ी छलांग लगनी चाहिए। इसके लिए आवश्यक है कि मतदाता सूची में अधिक से अधिक लोग जुड़े व मतदान के दिन घर से बाहर निकलें।
उन्होंने कहा कि स्थितियां धीरे-धीरे अनुकूल हो रही हैं। कोविड-19 संक्रमण काल तीन मार्च तक न्यूनतम स्तर पर होने का अनुमान है। उस समय मौसम भी अनुकूल रहेगा और लोगों को घरों से निकलने में सुविधा होगी। सभी बूथों पर मतदाताओं को वोटर फ्रेंडली वातावरण मिलेगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम मतदान प्रतिशत वाले 100-100 बूथों को चिह्नित कर विशेष अभियान चलाया गया है। महिला मतदाताओं के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पांच वाट पिक बूथ की स्थापना की जा रही है। सभी मतदान कर्मी महिलाएं होंगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पांच-पांच आदर्श बूथ भी बनाए जाएंगे। दिव्यांग व वृद्ध मतदाताओं को पोस्टल बैलट की सुविधा उपलब्ध होगी। मतदान से पहले कोरोनारोधी टीका का डबल डोज लगाने का अभियान चलाया जा रहा है। बूथों की सुरक्षा केंद्रीय सुरक्षा बलों के जिम्मे होगी। नागरिक पुलिस व अन्य फोर्स साथ में तैनात रहेंगे। चुनाव प्रक्रिया में बाधा पहुंचाने व मतदाताओं को डराने धमकाने वाले संभावित अराजक तत्वों को चिह्नित किया जा रहा है। उनके लाइसेंसी हथियार जमा कराए जा रहे हैं। चुनाव पूरी तरह सुरक्षित माहौल में होगा।