हर तरफ जाम से परेशान रहे लोग
देवरिया शहर में उप चुनाव के लिए नामांकन के चलते हो गई भीड़।
देवरिया: सदर विधान सभा सीट पर हो रहे उप चुनाव के लिए नामांकन के चलते शहर में जाम की समस्या बढ़ गई है। गुरुवार को दिन भर शहर में जाम की समस्या बनी रही। इससे निजात दिलाने के लिए कोतवाली पुलिस के साथ ही कई थानों की पुलिस की ड्यूटी लगानी पड़ी। जाम में एंबुलेंस से लेकर अधिकारियों के भी वाहन फंसे रहे। सर्वाधिक परेशानी महिलाओं व बच्चों को हुई।
वैसे तो जाम की समस्या शहर में हर दिन रहती है, लेकिन इन दिनों समस्या ज्यादा बढ़ गई है। गुरुवार को सपा व भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन के चलते सुबह से ही शहर में वाहनों की संख्या बढ़ने लगी थी। 11 बजे से कचहरी चौराहा व जिला अस्पताल जाने वाली सड़क की तरफ का यातायात परिवर्तित कर दिया गया। जिससे शहर में जाम लग गया। सुभाष चौक पर भी दोपहर में यातायात रोक दिया गया। इससे वाहनों की लंबी लाइन लग गई। एक घंटे से अधिक समय तक वाहन रुके रहे। जब आवागमन शुरू हुआ तो एक घंटे का समय स्थिति सामान्य होने में लग गया। लोग परेशान नजर आए। कोतवाल सीबी सिंह ने कहा कि पर्चा दाखिला के चलते वाहनों का मार्ग परिवर्तित किया गया, जिसके चलते जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।