छात्रों के साथ भूमि पर बैठे डीएम समेत अफसर
छात्रों के समूह के साथ अफसरों ने विद्यालय में किताबें पढ़ीं। अधिकारियों ने छात्रों का मार्ग दर्शन किया।
देवरिया: राजकीय इंटर कालेज के मैदान में न केवल जिलाधिकारी अमित किशोर बल्कि सीडीओ शिव शरणप्पा जीएन समेत अन्य अफसरों ने छात्रों के साथ भूमि पर बैठकर न केवल पुस्तक पढ़ी, बल्कि उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए मार्गदर्शन भी दिया। जीआइसी में आयोजित पढ़े-देवरिया कार्यक्रम में करीब 1400 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
डीएम ने कहा कि एक साथ समूह में बैठ कर अपनी रुचि के अनुसार पुस्तक पढ़ें। इससे समूह की भावना विकसित होती है। रुचि के अनुसार अध्ययन करते हैं व जानकारियों को एक दूसरे से साझा भी करने का लाभ मिलता है। सभी को पुस्तक पढ़ना चाहिए। इस कार्यक्रम के दौरान छात्र/छात्राएं भारत का नक्शा बनाकर समूह में बैठे। सुबह 11 बजे से 11.45 बजे तक पुस्तक पढ़ी गई।
जिला विद्यालय निरीक्षक शिवचंद राम, बीएसए प्रकाश नारायण श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य पीके शर्मा ने भी छात्र-छात्राओं के साथ समूह में बैठ कर पुस्तक पढ़ा।