सरयू की धारा में दो घंटे तक बहती रही नाव
नाव पर सवार बक्सा बनाने वाले मिस्त्री ने इंजन को किया ठीक पांच किमी तक धारा टकराने के बाद बरहज घाट पर पहुंची नाव तो लोगों ने ली राहत की सांस
जागरण संवाददाता, बरहज, देवरिया : सरयू नदी में शुक्रवार को नाव के इंजन में आई खराबी से लोगों की सांस करीब दो घंटे तक अटकी रही। नदी की धारा में नाव पांच किमी दूर मऊ जिले के धर्मपुर के बिद टोले के पास बहकर पहुंची। नाव पर सवार घूमकर गांवों में बक्सा बनाने वाले मिस्त्री ने इंजन को ठीक किया। तब नाव को बरहज घाट पर लाया गया।
लोक निर्माण विभाग की तरफ से सरयू नदी के बरहज घाट व परसिया देवार घाट के बीच नाव का संचालन किया जा रहा था। दो दिन पहले एक नाव के डूबने व दूसरे नाव के इंजन में खराबी आने से संचालन ठप हो गया है। इधर दो दिन से कुछ नाविक जुगाड़ के इंजन से नाव का संचालन कर रहे हैं। सुबह करीब 11 बजे परसिया देवार घाट से जुगाड़ के इंजन वाले नाव पर चार बाइक के अलावा करीब 20 लोग सवार थे। नाव अभी 15 से 20 मीटर ही आगे बढ़ी थी कि अचानक इंजन के गैसकिट में खराबी आ गई। नाव अनियंत्रित होकर धारा में बहने लगी। यह देखकर लोग चिल्लाने लगे। नाव बहते हुए आगे बढ़ने लगी। नाव पर सवार बक्सा बनाने वाले मिस्त्री ने औजार से इंजन को ठीक करने की कोशिश करने लगा। करीब डेढ घंटे की कोशिश के बाद इंजन को ठीक किया जा सका। नाव पर सवार परसिया देवार के रहने वाले विपिन चौहान, कमला यादव, विजय बहादुर पांडेय, राम परीखन आदि ने बताया कि नाव का इंजन बड़ी मुश्किल से ठीक हुआ। नाव पर सवार सभी लोग डरे सहमे थे। दो दिन पहले भी इंजन में आई थी खराबी
बरहज: सरयू नदी में बुधवार को भी परसिया देवार घाट से बरहज घाट के लिए आ रही नाव के इंजन का पंखा टूट गई थी। जिससे नाव मझधार में फंस गई। सवार कुछ लोगों ने तैरकर जान बचाई तो अन्य लोगों को छोटी नाव के जरिये तट पर सुरक्षित लाया गया था। नाव पर करीब 30 लोग सवार थे।
--
-नाव के इंजन में खराबी की सूचना मिली थी। ठीके पर चलने वाली नावों का संचालन फिर शुरू होगा। इसके लिए ठीकेदार से कहा गया है।
अखिलेश राम
सहायक अभियंता
लोक निर्माण विभाग