1740 लोगों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव, विभाग ने ली राहत की सांस
शुक्रवार को आई कोरोना रिपोर्ट राहत देने वाली थी। 1740 लोगों की रिपोर्ट जहां निगेटिव रही वहीं पाजिटिव की संख्या शून्य रही।
देवरिया: शुक्रवार को आई कोरोना रिपोर्ट राहत देने वाली थी। 1740 लोगों की रिपोर्ट जहां निगेटिव रही, वहीं पाजिटिव की संख्या शून्य रही।
कई महीने से पाजिटिव की संख्या शून्य थी। अचानक चार दिनों में दो नए संक्रमित हो गए। जिसके बाद स्वास्थ्य महकमा गंभीर हो गया है। पाजिटिव एक व्यक्ति का इलाज अस्पताल में चल रहा है तो एक का घर पर ही रख का इलाज हो रहा है। जिले में अभी तक 20226 लोग पाजिटिव हो चुके हैं और 221 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। शुक्रवार को 1931 लोगों की कोरोना जांच की गई। 13339 लोगों ने लगवाया कोरोनारोधी टीका
जिले में कोरोना पाजिटिव आने के बाद कोरोनारोधी टीका लगवाने वालों में एक बार फिर तेजी आने लगी है। शुक्रवार को 13339 लोगों ने कोरोनारोधी टीका लगवाया। टीकाकरण केंद्र का अधिकारियों ने निरीक्षण किया। जिला अस्पताल, महिला जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर, लार, पथरदेवा, गौरीबाजार, भाटपाररानी, बरहज, भलुअनी समेत 100 स्थानों को टीका लगाने के लिए चिन्हित किया गया था, साथ ही 38 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया। जिसमें से13339 लोगों को ही केवल टीका लग गया। इसमें 18 से 45 वर्ष आयु के 1280 को प्रथम, 7379 लोगों को द्वितीय, 45 से 60 वर्ष आयु के 401 लोगों को प्रथम, 2650 लोगों को द्वितीय डोज लगाया गया। इसी तरह 60 वर्ष से ऊपर आयु के 227 लोगों को प्रथम, 1401 लोगों को द्वितीय डोज लगाया गया। डेंगू का संदिग्ध मरीज जिला अस्पताल में भर्ती
जिले में डेंगू के मरीज बढ़ने लगे हैं। सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम औरंगाबाद के रहने वाले एक युवक को शुक्रवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सक के अनुसार वह डेंगू का संदिग्ध मरीज है। अब चिकित्सकों को रिपोर्ट आने का इंतजार है। गांव के सैफ अहमद के कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। उन्होंने पहले सलेमपुर सीएचसी से उपचार कराया, लेकिन ठीक न होने पर वह जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सक ने डेंगू जांच की सलाह दी।