दूसरे दिन आसमान में छाए रहे बादल, हल्की बूंदाबांदी हुई
तीन दिन से हो रही लगातार बारिश कई जगहों पर लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। पथरदेवा कस्बे में बरसात के चलते मकान की छत गिर गई। गनीमत रहा कि कोई अनहोनी नहीं हुई। मकान में रहने वाले लोगों ने भागकर जान बचाई।
देवरिया: यास चक्रवात का असर जिले में शनिवार को भी देखा गया। आसमान में बादल छाए रहे। कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। एक दिन पूर्व बारिश से गड्ढा युक्त सड़कों पर जलभराव व कीचड़ से चलना दूभर रहा।
रोडवेज परिसर में जगह जगह गड्ढे होने के कारण जलभराव हो गया था जो दूसरे दिन भी बना रहा। जिसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। भटवलिया चौराहे से वार्ड में जाने वाली सड़क पर पानी व कीचड़ जमा था। शहर के रामनाथ देवरिया, राघवनगर, उमानगर, देवरिया खास, इंदिरा नगर, अबूबकर नगर, भटवलिया, साकेत नगर, रामगुलाम टोला आदि मोहल्लों में सड़कों पर पानी जमा था। विकास भवन परिसर स्थित श्रम विभाग कार्यालय, लोक निर्माण विभाग, कलेक्ट्रेट, दीवानी न्यायालय, जिला अस्पताल में जमा पानी भी धीरे-धीरे निकल गया। देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर बारिश का दूसरे दिन भी जमा था। भरथुआ से मुसैला, सोनूघाट से खुखुंदू के बीच सड़क पर कई जगहों पर पानी लगा था।
सलेमपुर संवाददाता के अनुसार, बारिश के पानी से उपनगर में कई सड़कों पर पानी व कीचड़ से आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उपनगर के चेरो रोड, सोहनाग रोड, टीचर कालोनी, लोहिया नगर, पिपरा नाजिर, परशुराम धाम में जलभराव बना रहा। बारिश से ढही मकान की छत, बाल-बाल बचे लोग तीन दिन से हो रही लगातार बारिश कई जगहों पर लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। पथरदेवा कस्बे में बरसात के चलते मकान की छत गिर गई। गनीमत रहा कि कोई अनहोनी नहीं हुई। मकान में रहने वाले लोगों ने भागकर जान बचाई। लोग बाल-बाल बच गए। मकान में कई लोगों की दुकानें थीं। छत गिरने से दुकान में रखा समान फर्नीचर व अन्य सामान का नुकसान हुआ। पीड़ितों ने मुआवजे की मांग की है। कानूनगो मुन्ना प्रसाद व लेखपाल अजय चौरसिया ने मौके पर जाकर क्षति का आंकलन किया। कानूनगो ने बताया कि छत गिरने से राधेश्याम सिंह, जनार्दन सिंह, संगम सिंह, पृथ्वी सिंह व सुनील सिंह का नुकसान हुआ है। जिसका आंकलन कर क्षतिपूर्ति के लिए रिपोर्ट तहसील को दी जाएगी।