बाईपास सड़क निर्माण के लिए धरना
देवरिया में भाकियू ने पड़री मल्ल चौराहे पर धरना प्रदर्शन किया।
देवरिया : सोनूघाट से बैतालपुर तक बाईपास निर्माण की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों ने शुक्रवार को पड़री मल्ल चौराहे पर धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया। एसडीएम डा. दिनेश कुमार मिश्र, अधिशासी अभियंता व कोतवाल भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ। कार्यकर्ताओं ने उन्हें ज्ञापन सौंपा।
मंडल अध्यक्ष सतीश चंद ओझा ने कहा कि बाईपास निर्माण का शिलान्यास दो साल पूर्व राजकीय इंटर कालेज मैदान पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया था। उधर लखनऊ में परिवहन मंत्रालय के एक अधिकारी द्वारा इसे औचित्यहीन बताया जा रहा है। किसानों के खेत का 3 ए हो चुका है। वह आज ऊहापोह में हैं। उन्होंने बाईपास की 3 डी अविलंब कराने की मांग की। बाईपास बन जाने से शहर की यातायात व्यवस्था में काफी सुधार होगा। जिलाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप शाही ने कहा कि प्रशासन लिखित आश्वासन देगा तभी भाकियू कार्यकर्ता चैन से बैठेंगे।
मंडल उपाध्यक्ष विनय सिंह ने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। इस दौरान विनोद गुप्ता, अरविद मल्ल, राजेश मल्ल, सदानंद यादव, प्रमोद कुमार सिंह, मनीष यादव, चंद्रदेव सिंह, शहीद ख्वाजा मंसूरी, रवि प्रताप यादव, रामकरन चौहान, गुड्डू मल्ल, मुन्ना सिंह आदि मौजूद रहे।