सम्मानित किए गए नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य
सांसद रविद्र कुशवाहा ने कहा कि इस बार के पंचायत चुनाव से यह स्पष्ट हुआ कि गरीब से गरीब व्यक्ति भी पंचायत की सदन में पहुंच सकता है। कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि जनता ने आप पर भरोसा किया है। यह भरोसा विश्वास तभी कायम रहेगा जब आप उनकी आकांक्षाओं को पूरा करेंगे।
देवरिया: भाजपा के औराचौरी स्थित पार्टी कार्यालय पर शुक्रवार को नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को सम्मानित किया गया। सांसद डा.रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि आपको जनता ने चुना है। एक जनप्रतिनिधि के रूप में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना है। आप अपने क्षेत्र में विकास की धारा को आगे ले जाएं।
सांसद रविद्र कुशवाहा ने कहा कि इस बार के पंचायत चुनाव से यह स्पष्ट हुआ कि गरीब से गरीब व्यक्ति भी पंचायत की सदन में पहुंच सकता है। कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि जनता ने आप पर भरोसा किया है। यह भरोसा, विश्वास तभी कायम रहेगा जब आप उनकी आकांक्षाओं को पूरा करेंगे। इसके लिए हम सभी को मिलकर अपने क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित करने होंगे। मोदी सरकार के सात वर्ष पूर्ण होने पर 30 मई को सेवा ही संगठन कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करें। राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में जनता ने आप सभी के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। सदर विधायक देवरिया डा.सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी ने नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई दी। रामपुर कारखाना विधायक कमलेश शुक्ला के प्रतिनिधि डा.संजीव शुक्ला व भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष जयनाथ कुशवाहा उर्फ गुडडन ने अंगवस्त्र से सम्मानित किया। भाजपा जिलाध्यक्ष अंतर्यामी सिंह ने नवनिर्वाचित सदस्यों से परिचय कराया। संचालन प्रमोद शाही ने किया। इस मौके पर रमेश सिंह, जितेंद्र प्रताप राव आदि उपस्थित रहे।
सामाजिक मूल्यों से कभी समझौता नहीं किए परशुराम मणि
पूर्व एमएलसी शिक्षाविद् परशुराम मणि त्रिपाठी महामानव थे। उन्होंने सामाजिक व राजनीतिक मूल्यों से कभी समझौता नहीं किया। इसीलिए आज भी सभी दलों, वर्गों का उन्हें आदर और सम्मान प्राप्त है।
यह बातें सांसद रमापति राम त्रिपाठी ने कही। वे शनिवार को पूर्व एमएलसी परशुराम मणि की पुण्यतिथि के अवसर पर सीसी रोड स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद संबोधित कर रहे थे। कहा कि राजनीति ,शिक्षा और समाज सेवा तीनों ही क्षेत्रों में मणि ने आदर्श और कीर्तिमान स्थापित किया है। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आज के राजनीतिज्ञों के लिए प्रेरणास्त्रोत है। सार्वजनिक जीवन में उन्होंने जिस पारदर्शिता का परिचय दिया, वह वर्तमान पीढ़ी के लिए अनुकरणीय है ।
सदर विधायक डा. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी ने कहा कि मणि सरस्वती के वरद पुत्र थे। वह संघ और भाजपा के कार्यकर्ता थे। शिक्षा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद की स्थापना कर माध्यमिक शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया।
पूर्व विधायक रविद्र प्रताप मल्ल, पूर्व ब्लाक प्रमुख शैलेश त्रिपाठी, डा.अभय द्विवेदी मारकंडे मिश्रा ने भी अपनी बात रखी। संचालन प्रभात रंजन मणि त्रिपाठी ने किया।
नंदलाल यादव,वीरेंद्र तिवारी, डा. प्रवीण निखर, रवि प्रताप सिंह, मृत्युंजय सिंह, और अभिषेक पांडे सहित तमाम लोगों ने मणि की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभासद धर्मेंद्र सिंह ने आभार व्यक्त किया।