देवरिया में बालक के अपहरण का प्रयास
सुधीर बरनवाल का 12 वर्षीय बेटा वीरजी शाम को पतंग उड़ा रहा था। इसी बीच बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और बाइक पर बैठा कर राप्ती नदी पार कर गोरखपुर जनपद के पटना लेकर चले गए।
देवरिया: बरहज थाना क्षेत्र के कपरवार से सोमवार की शाम एक बालक के अपहरण का बाइक सवारों ने प्रयास किया। इस मामले में स्वजन ने पुलिस को सूचना दी है।
गांव के सुधीर बरनवाल का 12 वर्षीय बेटा वीरजी शाम को पतंग उड़ा रहा था। इसी बीच बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और बाइक पर बैठा कर राप्ती नदी पार कर गोरखपुर जनपद के पटना लेकर चले गए। उनके चंगुल से छूट कर किसी तरह वीरजी चौराहे पर पहुंचा और स्वजन को इसकी जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक जयंत सिंह ने कहा कि कोई तहरीर नहीं मिली है लेकिन इसकी जानकारी की जा रही है।
हरियाणा निर्मित शराब बरामद
देवरिया: बनकटा थाना क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग चेकपोस्ट से सोमवार को पुलिस ने डीसीएम से हरियाणा निर्मित शराब बरामद बरामद की। साथ ही दो लोगों को हिरासत में भी लेकर पूछताछ कर रही है। सुबह पुलिस वाहन चेकिग कर रही थी, इस बीच एक डीसीएम मझौलीराज की तरफ से आते हुए नजर आई। पुलिस ने डीसीएम को रोक लिया और जांच की। जांच में डीसीएम से हरियाणा निर्मित शराब बरामद की गई। थानाध्यक्ष प्रमोद सिंह ने बताया कि हरियाणा निर्मित शराब पकड़ी गई हैं, जांच की जा रही है। एसपी से लगाई फरियाद
देवरिया: बरियारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की आधा दर्जन की संख्या में महिलाएं एसपी कार्यालय पहुंची और पुलिस पर थाने से भगा देने का आरोप लगाया है। महिलाओं का कहना था कि एक महिला के साथ अश्लील हरकत की गई है। विरोध करने पर मारपीट भी की गई। लेकिन पुलिस न्याय दिलाने की बजाय थाने से ही भगा दी है। एसपी ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
बहला-फुसलाकर किशोरी का अपहरण
देवरिया: रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को एक युवक बहला-फुसलाकर लेकर फरार हो गया। इस मामले में रामपुर कारखाना थाने में मुकदमा भी दर्ज है। लेकिन अभी तक किशोरी बरामद नहीं हो सकी है। सोमवार को किशोरी की मां ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई।
आग से दो महिलाएं झुलसीं
देवरिया: सोमवार को रुद्रपुर कोतवाली के लाला टोली निवासी किरन चौसरिया ठंड दूर करने के लिए अलाव सेंक रही थी, अचानक उनके साड़ी में आग पकड़ लिया और वह गंभीर रूप से झुलस गई। इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इसी तरह शहर के राम गुलाम टोला निवासी देवंती देवी भी अलाव की आग से झुलस गई। उन्हें भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। रंजिश में पूर्व प्रधान की पिटाई
देवरिया: मईल थाना क्षेत्र के गोड़वली में चुनावी रंजिश में पूर्व प्रधान की पिटाई कर दी गई। इस मामले में पूर्व प्रधान ने पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि देर शाम तक इस मामले में मुकदमे की कार्रवाई नहीं हो सकी थी। पूर्व प्रधान विजयंत सिंह का कहना है कि वह मईल चौराहे से अपने घर आ रहे थे, इस बीच गांव के दो लोगों ने जमुआर नाले के समीप घेर लिया और पिटाई की। उधर मनोहर सिंह ने पूर्व प्रधान पर धमकी देने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने कहा कि दोनों तरफ से तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।