बदलने लगी महिला पुलिस बूथ की सूरत
देवरिया शहर में कतरारी मोड़ पर स्थित महिला पुलिस बूथ की कराई गई सफाई।
देवरिया: शहर से सटे कतरारी मोड़ पर स्थित अत्याधुनिक महिला पुलिस बूथ की सूरत बदलने लगी है। बूथ की सफाई के साथ ही मिट्टी भराई का कार्य भी शुरू हो गया है। पुलिस बूथ के सामने टीनशेड डालने के साथ ही उसे अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। माना जा रहा है कि शीघ्र ही यह बूथ सक्रिय हो जाएगा।
दैनिक जागरण ने 4 अगस्त के अंक में पेज संख्या तीन पर कूड़े के ढेर से पटा अत्याधुनिक महिला पुलिस बूथ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद अधिकारियों ने बूथ का संज्ञान लिया।
कतरारी मोड़ की तरफ कई विद्यालय हैं, जहां छात्र-छात्राओं के साथ ही आम लोगों का आना-जाना रहता है। इस मार्ग पर छात्राओं व महिलाओं के साथ अक्सर अभद्रता होती थी। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए 22 मार्च 2018 को कतरारी मोड़ पर पुलिस बूथ स्थापित किया गया। इसे अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने की तत्कालीन एसपी डा.राकेश शंकर की योजना थी। उनके स्थानान्तरण के बाद यह पुलिस बूथ बंद हो गया।
एसपी डा.श्रीपति मिश्र ने कहा कि पुलिस बूथ को जल्द ही शुरू कराने की तैयारी है। वहां पुलिस सेट लगाने के साथ ही पुलिस कर्मियों को शीघ्र तैनात किया जाएगा।