अधिकारी पहुंचे गांव, 592 मामलों का मौके पर निस्तारण
जिले के 203 ग्राम पंचायतों में मंगलवार को ग्राम समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान आए 698 मामले आए जिसमें से मौके पर ही 592 मामलों का निस्तारण कर दिया गया।
देवरिया: जिले के 203 ग्राम पंचायतों में मंगलवार को ग्राम समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान आए 698 मामले आए, जिसमें से मौके पर ही 592 मामलों का निस्तारण कर दिया गया। 106 मामलों को उच्चाधिकारियों को निस्तारण के लिए भेज दिया गया। दरवाजे पर पहुंचकर अधिकारियों द्वारा मामलों का निस्तारण करने से दोनों पक्ष खुश नजर आए।
जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन व पुलिस अधीक्षक डा.श्रीपति मिश्र ने बरहज विकास खंड के ग्राम पंचायत समोगर व मोहरा में पहुंच कर लोगों की समस्याओं को सुना और निस्तारण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि गांव-गांव में ग्राम समाधान दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस दिन प्रमुख रूप से राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, विकास विभाग व पंचायती राज विभाग से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण मौके पर किया जा रहा है। गांव पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान होने से धन व समय दोनों का भी बचत हो रहा है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस दिन पंचायत भवन पर ग्राम प्रशासन से जुड़े सभी कर्मचारी मौजूद रहते हैं। जिसे में राजस्व विभाग से 124, विकास विभाग से 483, पुलिस से 15 तथा अन्य विभागों से संबंधित 76 मामले आए। मुख्य विकास अधिकारी रवींद्र कुमार ने मुड़ाडीह में ग्राम समाधान दिवस पर लोगों की समस्याएं सुनी। ग्राम सभा के चकरोड पर अतिक्रमण होने की शिकायत की गई। इस दौरान मौके पर जाकर पैमाइश कराकर मामले का निस्तारण कराया गया। इसके बाद वह पंचायत भवन का निरीक्षण किए। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में भूमि पर अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।