Move to Jagran APP

78 किमी तक ट्रेन में तड़पी महिला, जंक्शन पर प्रसव

संवाद सहयोगी, मानिकपुर (चित्रकूट) : मुंबई से पटना जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेन में प्रवासी महिला 78 कि

By JagranEdited By: Published: Wed, 27 May 2020 10:54 PM (IST)Updated: Wed, 27 May 2020 10:54 PM (IST)
78 किमी तक ट्रेन में तड़पी महिला, जंक्शन पर प्रसव
78 किमी तक ट्रेन में तड़पी महिला, जंक्शन पर प्रसव

संवाद सहयोगी, मानिकपुर (चित्रकूट) : मुंबई से पटना जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेन में प्रवासी महिला 78 किमी तक प्रसव पीड़ा से तड़पती रही लेकिन मदद नहीं मिली। मानिकपुर जंक्शन पर ट्रेन से नीचे उतरते ही महिला ने बच्चे को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा को सीएचसी में भर्ती कराकर आधा घंटे बाद ट्रेन जंक्शन से आगे रवाना हो सकी।

loksabha election banner

मुंबई-हावड़ा रेलमार्ग पर लोकमान्य तिलक टर्मिनस मुंबई से पटना जा रही ट्रेन में बिहार के सीतामढ़ी जिला अंतर्गत अंतू के ग्राम वाजिदपुर निवासी अमित शर्मा अपनी पत्नी किरन के साथ 25 मई की रात को सवार हुए। ट्रेन बुधवार दोपहर 12.20 बजे सतना रेलवे स्टेशन पहुंची। वहां से आगे बढ़ते ही किरन को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। टिकट निरीक्षक को जानकारी दी गई लेकिन रास्ते में कोई मदद नहीं मिली। रेलवे कंट्रोलर की सूचना पर अपराह्न 1.40 बजे ट्रेन मानिकपुर जंक्शन पर रोकी गई। एंबुलेंस पहुंचने से पहले ही किरन ने जंक्शन पर ही बच्चे को जन्म दिया। इसमें यात्री महिलाएं मददगार बनीं। करीब 15 मिनट बाद एंबुलेंस आने पर प्रसूता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानिकपुर में भर्ती कराया गया। पति अमित ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान मुंबई में कपड़ा फैक्ट्री बंद होने से काम छिनने पर गर्भवती पत्नी को लेकर घर के लिए निकले थे पर रास्ते में असहनीय पीड़ा का सामना करना पड़ा। जच्चा-बच्चा दोनों के स्वस्थ होने से दंपती ट्रेन में मिले दर्द को भूल गए हैं। जंक्शन में सूचित करने के बाद भी एंबुलेंस पहुंचने में देरी हुई। स्टेशन प्रबंधक आंचल पांडेय ने बताया कि कंट्रोलर से जानकारी मिलने पर एंबुलेंस को फोन किया गया था। महिला के ट्रेन से उतरते ही प्रसव हो गया। एंबुलेंस करीब 15 मिनट बाद आने पर फौरन इलाज मुहैया होने से जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.