दो दिन तक इलाज के लिए भटकती रही महिला
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने का दावा भले हमेशा किया जाता है लेकि
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने का दावा भले हमेशा किया जाता है लेकिन सच्चाई इतर है। जिला अस्पताल में गुरुवार को इसकी बानगी फिर देखने को मिली। दो दिन से इलाज के लिए भटकती महिला ने दर्द बयां किया पर कर्मचारी नहीं पसीजे। उसे इमरजेंसी में भर्ती करने के बाद भी टालमटोल बरकरार दिखाई पड़ा।
कर्वी ब्लॉक अंतर्गत लोढ़वारा निवासी सुनीता देवी को खून की कमी के कारण कमजोरी महसूस हो रही थी। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम को जिला अस्पताल पहुंची लेकिन खून नहीं होने की बात कह कर लौटा दिया गया। गुरुवार को भी सुबह से किसी ने तवज्जो नहीं दी। दोपहर बाद कुछ मीडिया कर्मियों की नजर पड़ने पर महिला इमरजेंसी पहुंची। पहले कर्मचारियों ने वहां पर इलाज नहीं होने पाने का दुखड़ा सुनाया। हालांकि बाद में उसे भर्ती किया। इसके बाद भी यह कहते रहे कि खून नहीं होने से दिक्कतें आएंगी। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसएन मिश्र ने बताया कि ऐसी शिकायत लेकर कोई उनके पास तक नहीं आया है। जांच कराकर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।