सीएम की प्राथमिकता में पर्यटन विकास, काम करें तेज
सीएम की प्राथमिकता में पर्यटन विकास तेजी से कराएं कार्य
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : कोरोना काल में लॉकडाउन से उबरने के बाद जिले में विकास कार्यों को गति मिलने लगी है। प्रशासन का फोकस अब अधूरे पड़े पर्यटन विकास के कार्यों पर हैं। शुक्रवार को बैठक में डीएम ने सीएम की प्राथमिकता वाले कार्यों पर फोकस करने को लेकर कड़े तेवर दिखाए। वन महकमे समेत सभी विभागीय अफसरों को हिदायत दी।
जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय ने शुक्रवार को बैठक में मंदाकिनी नदी को पुनर्जीवित करने संबंधी चर्चा की। कहा कि सीएम ने चित्रकूट दौरे में जिन कार्यों की घोषणा की थी, उनके काम जल्द पूरे कराएं। वाल्मीकि आश्रम, लक्ष्मण पहाड़ी, राम घाट में फुट ओवरब्रिज, फसाड़ लाइट और लेजर शो की बाधाएं दूर कर काम कराएं। मंदाकिनी नदी पुनर्जीवन प्राथमिकता से कराएं। कहा कि शासन से लगातार समीक्षा हो रही है। पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह को निर्देश दिए कि रामायण सर्किट, परिक्रमा मार्ग, कामतानाथ जी की आरती व प्रवचन की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। अधिशासी अभियंता सिचाई आशुतोष कुमार से कहाकि काम के ब्योरे संग फोटो भी दें। मंदाकिनी के कार्यों का प्रस्ताव 20 जून तक उपलब्ध कराएं। शासन से स्वीकृति कराकर जल्द पूरा कराया जा सके। नदी से निकली बोरियों को मजदूरों से तत्काल हटवाएं। बीडीओ कर्वी सुनील सिंह व मानिकपुर राजेश नायक को निर्देश दिए कि चिह्नित ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना फीड कराकर काम शुरू कराएं। डीएफओ कैलाश प्रकाश से कहा कि शासन के मुख्य बिदु के कार्यों में तेजी लाएं। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका नरेंद्र मोहन मिश्रा को निर्देश दिए कि राम घाट की सफाई ढंग से कराएं। नालों की टैपिग का काम शुरू कराया जाए। शासन को धनराशि की मांग के लिए पत्र भेजें। अधिशासी अभियंता सिचाई निर्माण खंड विपिन बिहारी सिंह से कहा कि अमरावती आश्रम के पास मंदाकिनी नदी में डैम बनाने के लिए कमेटी का गठन कर प्रस्ताव तैयार कराएं। मध्यप्रदेश के अधिकारियों को भी शामिल करें। भूमि संरक्षण अधिकारियों को निर्देश दिए कि छोटे नालों पर चेकडैम बनवाएं। बड़े नालों पर लघु सिचाई विभाग की ओर से निर्माण कराया जाए। सीडीओ डॉ महेंद्र कुमार, डीडीओ आरके त्रिपाठी रहे।