पत्नी की हत्या कर फल विक्रेता ने भी दी जान
जागरण संवाददाता चित्रकूट कर्वी के शोभा सिंह के पुरवा में शनिवार रात फल विक्रेता ने पत्न
जागरण संवाददाता, चित्रकूट :
कर्वी के शोभा सिंह के पुरवा में शनिवार रात फल विक्रेता ने पत्नी का सिर पर पत्थर से वार कर निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद ट्रेन से कटकर खुद भी जान दे दी। रविवार सुबह लोगों को जानकारी हुई तो सनसनी फैल गई। हत्या व खुदकशी का कारण सामने नहीं आया है। पति और पत्नी में अक्सर झगड़े की बात समाने आई है। चर्चा है कि रात में भी दोनों में विवाद हुआ था।
55 वर्षीय सूरजभान केशरवानी 50 वर्षीय पत्नी आशा व तीन बेटों के साथ रहता था। घर से ही कुछ दूरी पर उसकी फल की दुकान है जिससे वह परिवार का भरण पोषण करता था। शनिवार की रात पूरा परिवार खाना खाकर सोया था। रविवार भोर घर पर जीआरपी आई। सूरजभान के बड़े पुत्र बसंतलाल को फोटो दिखाई जो उसके पिता की थी। जीआरपी ने बताया कि पिता का सिर कटा शव रेलवे ट्रैक पर मिला है। पहले तो बसंत को यकीन नहीं हुआ। जब कमरे में देखा तो उसकी आंखें फटी की फटी रह गई। मां का रक्तरंजित शव जमीन पर पड़ा था, पिता घर से गायब थे। उसने भाई कमलानाथ व सुशील को बुलाया और पुलिस को सूचना दी कि उसकी मां की हत्या कर दी गई और पिता का शव रेलवे ट्रक में मिला है। पुलिस अधिकारी घटनास्थल पहुंचे। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि सूरजभान का पत्नी से अक्सर विवाद होता था। आशा बीमार रहती थी जबकि सूरजभान नशे का आदी था। घटना के दिन भी दोनों का विवाद हुआ था। सूरजभान के साढ़ू और साली भी आए थे। अभी घटना का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।