मन में भक्ति का सागर, जुबां पर जय श्रीराम
पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है जो आगे चलकर और फैसला लेकर रूर्ट मार्च करेगी।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : सुख और समृद्धि की कामना, मन में हिलोरें मारता भक्ति का सागर और जुबां पर जय श्रीराम के जयघोष के साथ शुक्रवार को देव दीपावली पर धर्म नगरी चित्रकूट में देश-दुनिया के कोने-कोने से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदाकिनी नदी में स्नान करने के बाद कामता नाथ स्वामी के दर्शन कर कामदगिरि परिक्रमा लगाई। मठ-मंदिरों में पूजा-अर्चना कर दान दिया।
देवोत्थान एकादशी के महात्म्य को लेकर चित्रकूट में तीन दिन तक श्रद्धालुओं का डेरा रहता है। गुरुवार से धर्म नगरी पहुंचने की शुरुआत हुई। शुक्रवार को तड़के से जत्थे के रूप में श्रद्धालु मंदाकिनी तट पर पहुंचने लगे। हर-हर गंगे करते हुए आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद स्वामी मत्यगजेंद्रनाथ, पर्ण कुटी, तुलसी गुफा समेत दूसरे मठ-मंदिरों में दर्शन करते हुए कामतानाथ स्वामी के दर्शन किए। कामदगिरि परिक्रमा लगाने के बाद दान-दक्षिण कर सुख और समृद्धि की कामना की। देव दीपावली पर्व का विशेष महत्व होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या काफी रही। रेलवे स्टेशन, बस अड्डा पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। निजी वाहनों से आने वालों की बड़ी संख्या रही। अभी यह सिलसिला शनिवार को भी बरकरार रहेगा। देव दीपावली विशेष स्नान के मौके पर यूपी-एमपी के साथ कई प्रांतों से टूरिस्ट बसों के माध्यम से भी श्रद्धालु आए।