विवाहिता ने फंदा लगा दी जान, दहेज हत्या का आरोप
जागरण संवाददाता चित्रकूट पहाड़ी थाना के पचोखर गांव में शनिवार को विवाहिता ने घर में
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : पहाड़ी थाना के पचोखर गांव में शनिवार को विवाहिता ने घर में गमछा से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय उसकी ननद मौजूद थी। जबकि पति व सास बाहर थे। हालांकि मायके से आए पिता ने ससुरालीजन पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। उसकी नौ माह पहले शादी हुई थी।
पचोखर निवासी कृष्ण कुमार मिश्रा की 19 वर्षीय पत्नी प्रीति ने शनिवार की शाम करीब पांच बजे घर के बरामदे में गमछा का फंदा बनाकर लटक गई। घर में मौजूद ननद ने भाभी को फंदे में लटका देखा तो शोर मचाया। आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। थोड़ी देर में सास और पति भी आ गए। उसको फंदे से उतारा गया लेकिन मौत हो चुकी थी। पिता सुरसेन थाना राजापुर निवासी राजकुमार गौतम का आरोप है कि उनकी बेटी को मारा गया है। नौ माह पहले उन्होंने बेटी की शादी की थी। दहेज उत्पीड़न में उनकी बेटी की हत्या की गई है। उसको मारकर टांगा गया है। पहाड़ी थाना प्रभारी रामाश्रय यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अभी किसी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है।