पहाड़ी थाना प्रभारी निलंबित, दो खिलाफ मुकदमा दर्ज
संवाद सहयोगी पहाड़ी (चित्रकूट) पहाड़ी थाना के प्रसिद्धपुर में कांग्रेसी नेता व भतीजे की हत्
संवाद सहयोगी, पहाड़ी (चित्रकूट) : पहाड़ी थाना के प्रसिद्धपुर में कांग्रेसी नेता व भतीजे की हत्या के मामले में थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है। बुधवार को सारा दिन आक्रोशित लोग हाईवे पर हंगामा करते रहे। उनका आरोप था कि थाना प्रभारी की लापरवाही से हत्या हुई है। स्वजन ने दो लोगों के खिलाफ थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है। हालांकि पुलिस किसी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
बता दें कि प्रसिद्धपुर गांव में मंगलवार की रात कांग्रेसी नेता 55 वर्षीय अशोक पटेल व उनके भतीजे 28 वर्षीय शुभम की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। मृतक शुभम के भाई आकाश ने पहाड़ी थाने में गांव के कमलेश रैकवार और उसके बेटे राहुल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। उसके मुताबिक मंगलवार रात करीब 10 बजे गांव का कमलेश रैकवार अपने घर के बाहर शराब पी रहा था। नशा होने पर वह गाली गलौज करने लगा। उसके चाचा कांग्रेस पूर्व ब्लाक अध्यक्ष अशोक पटेल गुजरे तो गाली देने से मना किया। नशे में कमलेश घर के अंदर से राइफल लेकर आया और चाचा को गोली मार दी। गोली की आवाज सुन उसका भाई शुभम पहुंचा तो उसको भी गोली मार दी। स्वजन उसको पकड़ने दौड़े तो वह फायर करता हुआ भाग गया। एक गोली उसकी मां 45 वर्षीय रामलली के सिर को छूते हुए निकल गई थी और उसके जांघ में लगी है।
आगजनी में जले दो घर
हत्या के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्यारोपित कमलेश का घर फूंक दिया था। आग की चपेट में आने से एक पड़ोसी का भी घर जल गया। हालांकि जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। वैसे गांव में चर्चा है कि हत्यारोपित ने खुद घर में आग लगाई थी। ताकि लोगों का ध्यान भटकाया जा सके और वह फरार हो सके।
गांव व मुख्यालय में सड़क जाम की
बुधवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने राजापुर हाईवे पर जाम लगा दिया। साथ ही जिला मुख्यालय में पोस्टमार्टम हाउस के पास झांसी-मीरजापुर हाईवे पर भी जाम लगाया। मौके पर डीएम शेषमणि पांडेय, एसपी अंकित मित्तल पहुंचे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुशल पटेल, पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल, रंजना बरातीलाल पांडेय, नरवेश सचान, विजय मणि त्रिपाठी, रणजीत सिंह, सपा नेता निर्भय सिंह पटेल ने उन्हें ज्ञापन दिया। जिसमें थाना प्रभारी के निलंबन समेत परिवार के आर्थिक सहायता की मांग थी। डीएम व एसपी ने मांगे पूरी करने का भरोसा दिया। एसपी ने बताया कि थाना प्रभारी श्रवण कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। आरोपितों की अभी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस की टीमें तलाश में जुटी हैं।
एक बेटा शिक्षक
मृतक कांग्रेसी नेता अशोक के दो पुत्र थे। बड़ा पुत्र डॉक्टर आलोक बाहर है और छोटा पुत्र विपिन पहाड़ी कस्बे के शांति देवी इंटर कॉलेज में शिक्षक के रूप में कार्यरत है। पुत्री रितु की शादी हो चुकी है। मृतक भतीजा शुभम के पिता की बीमारी के चलते पिछले वर्ष मौत हो चुके है।