आधी आबादी ने महिला प्रत्याशी को नकारा
जागरण संवाददाता चित्रकूट बांदा-चित्रकूट लोकसभा संसदीय सीट पर वोटिग का नया रिकार्ड 2019
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : बांदा-चित्रकूट लोकसभा संसदीय सीट पर वोटिग का नया रिकार्ड 2019 में बन गया। महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मत डाले लेकिन एक मात्र महिला उम्मीदवार को फिर नकार दिया गया। आजादी के बाद से अब तक 17 चुनावों में सिर्फ एक बार वर्ष 1962 में कांग्रेस की सावित्री निगम चुनाव जीतकर संसद पहुंची थीं। उनके बाद भाजपा ने 2009 में अमिता बाजपेयी को अपना उम्मीदवार बनाया लेकिन वह भी हार गईं। इसी तरह कई छोटे दलों की महिला उम्मीदवार मैदान में उतरतीं रहीं लेकिन कभी महिलाओं ने उनको वोट नहीं किया।
बांदा-चित्रकूट लोकसभा सीट पर 2019 आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे थे। प्रमुख दल भाजपा, सपा-बसपा गठबंधन और कांग्रेस ने आधी आबादी पर दांव नहीं खेला सिर्फ छोटे दल स्वतंत्र जनता राज पार्टी ने महिला उम्मीदवार मीरा देवी को चुनाव मैदान में उतारा था। हालांकि उनको भी महिलाओं ने नकार दिया गया। जनपद की चित्रकूट और मानिकपुर विधानसभा की बात करें तो दोनों में महिलाओं ने पुरुषों से अधिक वोट किया। चित्रकूट में पुरुषों ने 58.66 तो महिलाओं ने 59.75 फीसद वोट डाले वहीं मानिकपुर में पुरुषों ने 55.58 और महिलाओं ने 58.17 फीसद मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस तरह दोनों विधानसभा क्षेत्रों में पुरुषों की अपेक्षा 4511 महिलाओं ने अधिक वोट डाले। इसके बावजूद एक मात्र महिला उम्मीदवार मीरा देवी को दोनों सीट पर सिर्फ 2,762 वोट ही मिल सके। इसके साथ पूरी लोकसभा सीट पर पांचों क्षेत्रों को मिलाकर उनको 6,545 वोट हासिल हुए।