चित्रकूट से था गहरा नाता, हमेशा रहा आना-जाना
जागरण संवाददाता चित्रकूट पूर्व विदेश मंत्री दिग्गज भाजपा नेता सुषमा स्वराज का धर्म नगरी चित्रक
जागरण संवाददाता, चित्रकूट :
पूर्व विदेश मंत्री, दिग्गज भाजपा नेता सुषमा स्वराज का धर्म नगरी चित्रकूट से गहरा नाता था। वह यहां पर दीन दयाल शोध संस्थान के साथ चुनावी जन सभा में भी शामिल हुई थीं। इसके साथ लगातार यहां के लोगों से संपर्क बनाए रखा। दिल्ली आने-जाने वालों से हमेशा हाल चाल लेती रहती थीं। वह अक्सर यहां पर कामदगिरि परिक्रमा लगाने भी आती थीं।
वर्ष 2001 में वह पहली बार राष्ट्र ऋषि नाना जी के बुलावे पर चित्रकूट आई थीं। जिले की सीमा से सटे मध्यप्रदेश के सतना अंतर्गत चित्रकूट क्षेत्र में दीन दयाल शोध संस्थान के उद्यमिता विद्यापीठ में लोगों को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने जिदगी में हमेशा आगे बढ़ते रहने का संदेश दिया था। अपनी बोली और भाषा के दम पर किसी भी शिखर पर पहुंचने का संदेश सभी को दिया था। इसके बाद वह वर्ष 2004 में लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा उम्मीदवार रहे पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र के समर्थन में चित्रकूट इंटर कॉलेज कर्वी में जनसभा को संबोधित करने आई थीं। तब लोगों ने उनको हाथों हाथ लिया था। उनके संयुक्त राष्ट्र संघ में भाषण को लेकर अभी तक लोगों के जेहन में यादें ताजा हैं। आयरन लेडी के नाम से उनको चित्रकूट के लोग याद करते हैं।