पूर्व विधायक ने बेचा हाथी, वन विभाग ने एमपी सीमा पर पकड़ा
जागरण संवाददाता चित्रकूट वन विभाग ने सपा के पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल जब्त हाथी को बेच
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : वन विभाग ने सपा के पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल जब्त हाथी को बेचने का आरोप लगाया है। विभाग के कर्मचारियों ने ट्रक में लदे हाथी को मध्यप्रदेश जिला सतना के सिंहपुर बैरियर से पकड़ा है। विभाग के अनुसार इसके गुजरात के जामनगर भेजा जा रहा था। यह हाथी पूर्व विधायक के पिता मारे गए डकैत शिवकुमार पटेल ददुआ का था। डेढ़ साल पहले उसने मदहोश होकर उपद्रव मचाया था। कोई कागजात नहीं होने पर विभाग ने जब्त कर लिया था लेकिन रेस्क्यू सेंटर भेजने के लिए वन संरक्षक वन्यजीव से अनुमति न मिलने पर पूर्व विधायक की ही देखरेख में था।
प्रभागीय वनाधिकारी आरके दीक्षित ने बताया कि पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल के हाथी जय सिंह ने डेढ़ साल पहले रैपुरा थाना के गौरिया में मदहोश होकर उत्पात मचाया था। तब उनसे हाथी के कागजात मांगे गए थे। लेकिन वह कुछ नहीं दिखा पाए थे। हाथी को जब्त कर लिया गया था। रेस्क्यू सेंटर मथुरा भेजने की तैयारी चल रही थी। मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव को पत्र भेजा गया था। लेकिन, तभी पूर्व विधायक ने कागजात चोरी की एफआइआर कर्वी कोतवाली में दर्ज कराते हुए डुप्लीकेट कागजात बनवाने का समय मांगा। जिस पर हाथी को उनकी देखरेख में छोड़ दिया गया था। इस दौरान हाथी ने भौंरी व प्रसिद्धपुर में भी उत्पात मचाया। उन्हें चार माह पहले हाथी को बेचने की भनक लगी थी। इसलिए निगरानी बढ़ा दी थी। शनिवार की रात जब देवकली से हाथी को ट्रक में भरकर ले जाया जा रहा था तो उनकी टीम ने पीछा किया, लेकिन जिले की सीमा पार कर एमपी पहुंच गया था। वहां के वन विभाग अधिकारियों से संपर्क कर सिंहपुर बैरियर में हाथी लदे ट्रक को पकड़ा गया।
उन्होंने बताया कि हाथी वन विभाग की संपत्ति था। उसको बेचने के इल्जाम में पूर्व विधायक के खिलाफ कर्वी कोतवाली में रेंजर रैपुरा आरएस दिवाकर ने तहरीर दी है। वहीं पूर्व विधायक से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका फोन बंद रहा।