अब चित्रकूट में नहीं पैदा होंगे डकैत, गुर्राएगा टाइगर : योगी
चित्रकूट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश सरकार के 100 दिन पूरा होने पर मंगलवार को धर्मनगरी में वन
अब चित्रकूट में नहीं पैदा होंगे डकैत, गुर्राएगा टाइगर : योगी
फोटो सीआरटी एक और दो
जागरण संवाददाता, चित्रकूट : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश सरकार के 100 दिन पूरे होने पर मंगलवार को धर्मनगरी में वन महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने 35 करोड़ पौधारोपण अभियान का पहला पौधा हरिशंकरी (पीपल, बरगद व पाकड़) कर्वी रेंज के मड़ैयन ग्राम पंचायत की सेहरिन में मटदर वन ब्लाक के कोदंड वन में रोपित किया। उन्होंने लोगों को ग्लोबल वार्मिंग के प्रति सचेत किया और पौधारोपण व जल संरक्षण पर जोर दिया। साथ ही चित्रकूट में बनने वाले टाइगर रिजर्व का जिक्र करते हुए पिछली सरकारों पर निशाना साधा। कहा कि वे डर और भय पैदा करती थी। अब यहां डकैत नहीं पैदा होंगे और यहां टाइगर गुर्राएगा।
उन्होंने जनसभा को संबोधित कहते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की तपोभूमि को कोटि कोटि नमन करता हूं। हम सबका सौभाग्य है कि उस कालखंड में इस धरती को भगवान राम ने सबसे पवित्र धरती माना था। जहां हम आज पौधारोपण कर रहे हैं त्रेता युग में यह पूरा क्षेत्र वनों से आच्छादित रहा होगा। धरती का तापमान बढ़ रहा है। हम लोग ग्लोबल वार्मिंग की चपेट में जा रहे हैं। यह वनों के कटान से है। जंगलों की कटान से सूखा या अतिवृष्टि की स्थिति है। बुंदेलखंड से जल्द ही प्रयागराज, लखनऊ और वाराणसी के लिए हवाई यात्रा शुरू होने वाली है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के निर्माण से क्षेत्र का विकास होगा। राजापुर स्थित महाकवि तुलसीदास की जन्मस्थली और लालापुर स्थित महर्षि वाल्मीकि स्थली का सर्वांगीण विकास प्रदेश सरकार करा रही है। लालापुर में रोप-वे की अड़चनें वन विभाग दूर करें बेसिक शिक्षा विभाग के 12 सौ से अधिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास व लाइब्रेरी बनाई जाएगी। यहां पानी का कभी भीषण संकट होता था। प्रधानमंत्री ने घर-घर नल योजना का शुभारंभ किया है। जल्दी ही आरओ का पानी आपके घर में पहुंचाएंगे, लेकिन हमको जल संरक्षण भी करना होगा। वाटर हार्वेस्टिंग के माध्यम से गांव-गांव में खराब हैंडपंप से जल संरक्षण करना होगा। हर गांव में अमृत सरोवर बनना चाहिए। ब्लाक स्तर और जनपद स्तर में अमृत सरोवर को लेकर प्रतियोगिता कराएं। उन्होंने 115.42 करोड़ की 28 योजनाओं का शिलान्यास और 15 योजनाओं का लोकार्पण किया। विभिन्न सरकारी योजनाओं के 10 पात्रों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। वन व पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. अरुण सक्सेना, सांसद आरके सिंह पटेल, विधायक अविनाशचंद्र द्विवेदी ने भी संबोधित किया।